विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

OC मिलते ही शुरू हुई 4500 रुपये महीने की वसूली, सुविधाओं को लेकर गुरुग्राम की रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में विवाद

Published: Fri, 27 Nov 2026 05:48 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम के रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में रखरखाव शुल्क को लेकर निवासियों और प्रबंधन के बीच विवाद छिड़ गया है। ओसी मिलने के बाद 4500 रुपये मासिक शुल्क वसूले जाने और सुविधाओं की कमी के विरोध में निवासियों ने प्रदर्शन किया।

सेक्टर-99 स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में भारी रखरखाव शुल्क के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन करते निवासी। जागरण

सेक्टर-99 स्थित रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में भारी रखरखाव शुल्क के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन करते निवासी। जागरण

HighLights

  1. 4500 रुपये मासिक रखरखाव शुल्क पर निवासियों का विरोध

  2. प्रीपेड बिजली मीटर से शुल्क कटौती पर बिजली गुल

  3. सुविधाओं की कमी के बावजूद भारी शुल्क वसूली का आरोप

जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम। सेक्टर-99 स्थित अफोर्डेबल रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट में रखरखाव शुल्क को लेकर निवासियों और प्रबंधन के बीच विवाद शुरू हो गया है। सोसायटी में ओक्यूपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) मिलने के बाद प्रबंधन ने फ्लैट मालिकों और किरायेदारों से प्रतिदिन 150 रुपये के हिसाब से रखरखाव शुल्क लेना शुरू कर दिया है। इस तरह लोगों से हर महीने करीब 4500 रुपये वसूले जा रहे हैं। इसके विरोध में शुक्रवार को सोसायटी के निवासियों ने प्रदर्शन किया और प्रबंधन के विरुद्ध नारेबाजी की।

निवासियों का आरोप है कि प्रबंधन प्रीपेड बिजली मीटर के बिलिंग एप के जरिए रखरखाव शुल्क काट रहा है। इसके कारण बृहस्पतिवार को कई घरों की बिजली गुल हो गई। लोगों का कहना है कि बिजली बिल के लिए जमा रकम में से रखरखाव शुल्क काटे जाने के कारण उनके घरों में बिजली नहीं रही।

प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने कहा कि सोसायटी में सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं है और न ही बच्चों के खेलने के लिए अच्छा पार्क है। सुविधाओं की कमी के बावजूद उनसे 4500 रुपये मासिक रखरखाव लिया जा रहा है। पानी के नाम पर भी 700 रुपये तक अलग से वसूले जा रहे हैं। कूड़े के लिए भी अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है।

सारिका चौहान, ऋचा, रोहित, सज्जन सोनी, रिंटू सिंह और अनिल आहूजा ने बताया कि कुछ लोग यहां 20 हजार रुपये तक मासिक किराया दे रहे हैं। इसके बावजूद उन पर भारी रखरखाव शुल्क लगा दिया गया है।

शुल्क देने से मना करने पर प्रबंधन की ओर से फ्लैट खाली करने के लिए कहा जा रहा है। निवासियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर बिल्डर प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई करने और रखरखाव शुल्क की जांच कराने की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।