गुरुग्राम में अब पानी में नहीं फंसेगी स्कूल बस, ट्रैफिक पुलिस देगी रियल-टाइम अपडेट; नई गाइडलाइन जारी
गुरुग्राम प्रशासन ने मानसून में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब जलभराव वाले मार्गों ...और पढ़ें

गुरुग्राम में बारिश से हुई जलभराव में फंस गई थीं स्कूल बसें। फोटो: आर्काइव
HighLights
जलभराव वाले मार्गों पर स्कूल बसें नहीं चलेंगी
ट्रैफिक पुलिस देगी स्कूल रूटों की रियल-टाइम जानकारी
फंसी बसों के लिए रोडवेज की अतिरिक्त बसें रहेंगी तैयार
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। मानसून के दौरान स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार की भारी वर्षा में कुछ स्थानों पर स्कूल बसों को हुई परेशानी के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने अंतर-विभागीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अब जलभराव वाले मार्ग पर स्कूल बस नहीं भेजी जाएंगी और ट्रैफिक पुलिस स्कूलों को रूट की स्थिति की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराएगी। वर्षा या मौसम विभाग की चेतावनी के दौरान ट्रैफिक पुलिस सुबह 5:30 बजे, दोपहर 10:30 बजे और 12:30 बजे स्कूल रूटों पर जलभराव की रिपोर्ट जारी करेगी।
तेज वर्षा या किसी मार्ग के अचानक बंद होने पर 30 मिनट के भीतर फ्लैश अपडेट देना होगा। सभी स्कूलों को सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। वैकल्पिक मार्ग नहीं होने पर बच्चों को स्टाफ की निगरानी में स्कूल परिसर में रखा जाएगा और अभिभावकों को तत्काल सूचना देनी होगी।
सुबह और दोपहर में बसों को प्राथमिकता
उपायुक्त उत्तम सिंह ने डीसीपी ट्रैफिक को सुबह सात से नौ बजे और दोपहर 12 से तीन बजे तक स्कूल बसों की सुरक्षित आवाजाही को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी, जरूरत पड़ने पर टो-व्हीकल और पीसीआर तैनात किए जाएंगे। किसी भी बच्चे को जलभराव वाले या बिना निगरानी वाले बस स्टाप पर नहीं उतारा जाएगा।
बच्चों को केवल अभिभावक या अधिकृत संरक्षक को सौंपा जाएगा। प्रत्येक बस में स्टाफ एस्काॅर्ट, पर्याप्त पेयजल और चालक को जलभराव वाले मार्ग अथवा अंडरपास में बस नहीं ले जाने की स्पष्ट ब्रीफिंग जरूरी होगी। रूट या समय बदलने पर स्कूलों को एसएमएस अथवा स्कूल एप के माध्यम से अभिभावकों को पहले ही जानकारी देनी होगी।
फंसी बसों के लिए तैयार रहेंगी रोडवेज की बसें
भारी वर्षा के दौरान हरियाणा रोडवेज की अतिरिक्त बसें भी तैयार रहेंगी। इन्हें सुरक्षित स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि जलभराव में फंसी या खराब हुई स्कूल बसों से विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान अथवा स्कूल पहुंचाया जा सके।
किसी भी स्थिति में किसी बच्चे को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को 24 घंटे के भीतर सभी सरकारी व निजी स्कूलों के प्रमुखों और ट्रांसपोर्ट इंचार्ज को जोड़कर समर्पित वाट्सएप ब्राडकास्ट ग्रुप तथा बल्क एसएमएस और ई-मेल सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जीएमडीए, एमसीजी, एचएसवीपी, पीडब्ल्यूडी और अन्य एजेंसियों को स्कूल बस रूटों व स्कूल गेट के आसपास जल निकासी को प्राथमिकता देनी होगी। आदेशों की निगरानी एडीसी सोनू भट्ट करेंगे। अनुपालन की साप्ताहिक रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को जिला प्रशासन को देनी होगी।
स्कूलों में भी सुरक्षा के विशेष प्रबंध, हेल्पलाइन पर दें सूचना
आदेशों में कहा गया है कि प्रत्येक स्कूल को ट्रांसपोर्ट इंचार्ज/रूट सेफ्टी ऑफिसर नियुक्त करना होगा। बारिश के दौरान बेसमेंट अथवा परिसर के किसी निचले हिस्से में विद्यार्थियों की असेंबली नहीं कराई जाएगी।
स्कूल परिसर के विद्युत पैनल और खुले तारों की जांच सुनिश्चित करनी होगी। स्कूल बस के जलभराव में फंसने या किसी बच्चे की सुरक्षा खतरे में पड़ने की घटना की सूचना तत्काल जीएमडीए/नगर निगम हेल्पलाइन 18001801817 अथवा वाॅट्सएप नंबर 9821395354 पर देनी होगी।
