गुरुग्राम में पुलिस और तीन बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो को लगी गोली
गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-65 में बदमाशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक इनामी नशा तस्कर सहित तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए। ...और पढ़ें
-1791632190298_m.webp)
दो बदमाशों को लगी गोली, प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ने मुठभेड़ में तीन बदमाशों को पकड़ा।
एक पुलिसकर्मी घायल, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली।
इनामी नशा तस्कर सहित हथियार और एमडीएमए बरामद।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम और बदमाशों के बीच शनिवार अलसुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इनामी नशा तस्कर समेत तीन आरोपितों को पकड़ लिया।
बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।
पुलिस को मिली सूचना
पुलिस के अनुसार शुक्रवार आधी रात के बाद सूचना मिली कि तीन हथियारबंद बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। रात करीब तीन बजे बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे।
पुलिस पर फायरिंग शुरू
पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो वे बाइक भगाने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेर लिया।
युवकों ने पुलिस पर लगातार छह गोलियां चलाईं। एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और एक गोली पुलिसकर्मी की बाजू पर लगी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। कुल नौ राउंड फायरिंग हुई।
आरोपियों की हुई पहचान
पकड़े गए आरोपितों की पहचान मार्फत उर्फ मारू, फूल बाबू शेख और श्रीकुल शेख के रूप में हुई है। मार्फत और फूल बाबू बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बाली गांव और श्रीकुल शेख नादिया जिले के मीरा प्लेसी गांव का रहने वाला है।
मुठभेड़ में मार्फत और फूल बाबू के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से 136 ग्राम एमडीएमए, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया है।
आरोपियों के खिलाफ कई केस दर्ज
आरोपित फूल बाबू पर एनडीपीएस एक्ट के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस रिकार्ड के अनुसार मार्फत पर लड़ाई-झगड़ा, चोरी, जाली करंसी और एनडीपीएस के चार केस, फूल बाबू पर एनडीपीएस के दो और श्रीकुल पर एक केस दर्ज है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
थाना सेक्टर-65 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि घायल आरोपितों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उनसे उनके गिरोह के सदस्यों व हथियार उपलब्ध कराने वालों की जानकारी ली जाएगी।
