गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में जमीनी रंजिश में फायरिंग, किसान के पेट में मारी गोली; हालत गंभीर
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में जमीन विवाद को लेकर 50 वर्षीय दिनेश को गोली मार दी गई, जिससे उनकी हालत ...और पढ़ें
-1791617543707_m.webp)
किसान के पेट में मारी गोली। AI जनरेटेड
HighLights
गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में जमीन विवाद पर गोलीबारी।
50 वर्षीय दिनेश गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
पुलिस ने 4-5 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के गढ़ी हरसरू में जमीन के विवाद को लेकर 50 वर्षीय व्यक्ति को गोली मार दी गई। उसकी हालत गंभीर है और निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल की पहचान दिनेश के रूप में हुई है। वारदात शनिवार सुबह करीब 5 बजे की है।
बताया जा रहा है कि दिनेश सुबह 5 बजे खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान पहले से चल रही जमीन की रंजिश को लेकर कुछ लोग वहां आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने फायरिंग कर दी। एक गोली दिनेश के पेट में जा लगी।
किसान की हालत गंभीर
वहीं, वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिवार को सूचना दी। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल दिनेश को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामला जमीन की रंजिश से जुड़ा है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है।
परिवार की शिकायत पर गढ़ी हरसरू के ही 4-5 लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
