गुरुग्राम में अपराधियों के पांच ठिकानों पर चला बुलडोजर, अवैध बोरवेल और मकान गिराए गए
गुरुग्राम पुलिस ने अपनी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भू माफिया और आदतन अपराधियों के अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई ...और पढ़ें
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ने भू माफिया के अवैध निर्माण पर की कार्रवाई।
धनकोट नहर के पास सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया गया।
आदतन अपराधी नरेंद्र और सन्नी के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने भू माफिया और आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सूचना के आधार पर धनकोट नगर के पास अवैध रूप से किए गए निर्माण को चिन्हित कर जिला प्रशासन के सहयोग से मशीनरी की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में धनवापुर गांव निवासी नरेंद्र उर्फ पव्वा और सन्नी उर्फ डोगरा को चिन्हित किया गया था। आरोप है कि दोनों ने धनकोट नहर के पास सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बोरवेल और मकान बना रखा था। प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद इस अवैध निर्माण को गिराया गया।

जांच में सामने आया कि नरेंद्र उर्फ पव्वा के खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट, डकैती और शस्त्र अधिनियम सहित 12 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सन्नी उर्फ डोगरा पर भी हत्या का प्रयास, मारपीट, डकैती और शस्त्र अधिनियम के तहत 13 मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार ने जिला प्रशासन के समन्वय से की। बुल्डोजर कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और अपराधियों के अवैध आर्थिक तंत्र को खत्म करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
