मुंबई से 2 करोड़ की लौंग लेकर निकला ट्रक, दिल्ली पहुंचने से पहले लापता; पुलिस ने ऐसे सुलझाई मोडस ऑपरेंडी
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा बिलासपुर ने 2 करोड़ रुपये मूल्य की लौंग चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-1792245744429_m.webp)
आरोपी गिरफ्तार।
HighLights
गुरुग्राम पुलिस ने 2 करोड़ की लौंग चोरी का मामला सुलझाया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, 20 टन 900 किलो लौंग बरामद की।
नवी मुंबई से दिल्ली जा रही लौंग रास्ते में चोरी हुई थी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा बिलासपुर ने करीब दो करोड़ रुपये मूल्य की लौंग चोरी के मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 20 टन 900 किलो लौंग और वारदात में इस्तेमाल तो ट्रक बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट कंपनी एबीसी एक्सप्रेस के प्रतिनिधि ने थाना सेक्टर-10 में शिकायत दी थी कि नवी मुंबई से दिल्ली भेजी जा रही लौंग की 500 बोरियों की खेप गायब हो गई है। यह खेप महाराष्ट्र के न्हावा शेवा से एक ट्रक में दिल्ली भेजी जा रही थी।
11 अक्टूबर को चालक को डिलीवरी का पता दिया गया था, लेकिन माल तय जगह पर नहीं पहुंचा। चालक के दोनों मोबाइल बंद मिले। बाद में ट्रक बावल के पास रायल पेपर होटल के पास खाली अवस्था में लावारिस खड़ा मिला।
12 अक्टूबर को पता चली ट्रक की लोकेशन
जीपीएस लोकेशन चेक करने पर पता चला कि 12 अक्टूबर की रात ट्रक गुरुग्राम के सेक्टर-93 क्षेत्र में था। मौके पर बिखरी हुई लौंग और बोरियों के लेबल मिले, जिससे साफ हुआ कि माल को वहीं उतारकर दूसरे ट्रकों में शिफ्ट किया गया है। इस पर सेक्टर-10 थाने में केस दर्ज किया गया।
जांच के बाद अपराध शाखा बिलासपुर की टीम ने शनिवार दोपहर राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से तीन आरोपितों को पकड़ा। इनकी पहचान नूंह जिले के रानियाला पटकपुर गांव निवासी मनन, बिछोर गांव निवासी जुनैद और असम के बारपेटा जिले के बिलपतरी गांव निवासी अजीज के रूप में हुई।
सेक्टर-88/89 में खाली किया था ट्रक
पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने लौंग से भरा ट्रक सेक्टर-88/89 के एक सुनसान स्थान पर खाली किया और माल को दो अन्य ट्रकों में भर लिया। एक ट्रक आरोपित मनन का है, जुनैद उस पर ड्राइवर था, जबकि अजीज चोरी का माल असम में बिकवाने वाला था।
आरोपितों की साजिश माल को असम ले जाकर बेचने की थी। पुलिस ने 20 टन 900 किलो लौंग और दोनों ट्रक बरामद कर लिए हैं। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इसके बाद उनके गिरोह के अन्य आरोपितों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
