विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुप्रीम कोर्ट का आदेश: गुरुग्राम में गिराए जाएंगे 100 से ज्यादा अवैध निर्माण, विशेष टास्क फोर्स तैयार

Published: Wed, 05 Aug 2026 01:48 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर गुरुग्राम नगर निगम अगस्त में 100 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का सबसे ...और पढ़ें

इस महीने अवैध निर्माणों पर निगम का सबसे बड़ा अभियान चलेगा।

 इस महीने अवैध निर्माणों पर निगम का सबसे बड़ा अभियान चलेगा। 

HighLights

  1. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर 100 से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त होंगे

  2. गुरुग्राम नगर निगम अगस्त में सबसे बड़ा ध्वस्तीकरण अभियान चलाएगा

  3. अवैध निर्माणों पर कार्रवाई हेतु विशेष टास्क फोर्स का गठन

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना में अगस्त माह के दौरान निगम क्षेत्र के सभी जोन में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सौ से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। निगम का कहना है कि बिना किसी भेदभाव के सभी अवैध निर्माणों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक जोन में विशेष टास्क फोर्स गठन की तैयारी हो गई है। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी और वे प्रतिदिन अवैध निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। सभी जोन के संयुक्त आयुक्त दैनिक कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट निगम मुख्यालय भेजेंगे, ताकि अभियान की नियमित समीक्षा और निगरानी की जा सके।

खुद हटाएं अवैध निर्माण, नहीं तो निगम करेगा ध्वस्तीकरण

नगर निगम ने भवन मालिकों और निर्माणकर्ताओं को अंतिम अवसर देते हुए अपील की है कि वे प्रशासनिक कार्रवाई से पहले स्वयं अपने अवैध निर्माण हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो निगम नियमानुसार ध्वस्तीकरण करेगा और कार्रवाई पर आने वाला पूरा खर्च भी संबंधित निर्माणकर्ता से वसूला जा सकता है।

जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी

नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि अवैध निर्माण शहर की मास्टर प्लान व्यवस्था, यातायात, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं, पर्यावरण और नागरिक सुरक्षा पर गंभीर असर डालते हैं। ऐसे निर्माण भविष्य में प्रशासनिक और कानूनी विवादों का कारण भी बनते हैं। इसी वजह से निगम ने इनके विरुद्ध जीरो टालरेंस नीति अपनाई है।

लापरवाही करने वाले अधिकारियों की भी तय होगी जवाबदेही

निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कानून के दायरे में रहकर चलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर अवैध निर्माण को संरक्षण दिया गया या कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी जवाबदेही से नहीं बच पाएंगे।

स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही करें निर्माण

निगमायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि किसी भी भवन का निर्माण शुरू करने से पहले नगर निगम से आवश्यक स्वीकृतियां अवश्य प्राप्त करें और केवल स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण करें।

उन्होंने कहा कि अगस्त का यह विशेष अभियान केवल शुरुआत है। भविष्य में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि गुरुग्राम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नियोजित शहर के रूप में विकसित किया जा सके।

यह भी पढ़ें- हाईवे पर रुकी व्यक्ति की सांसें, गुरुग्राम में ट्रैफिक ASI ने CPR देकर लौटाई जिंदगी; लोग कर रहे सलाम