गुरुग्राम में NEET छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या की, मौत के एक महीने बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
गुरुग्राम में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने ...और पढ़ें

गुरुग्राम में नीट छात्रा ने की आत्महत्या। फोटो: सांकेतिक
HighLights
गुरुग्राम में 17 वर्षीय नीट छात्रा ने आत्महत्या की
युवक पर ब्लैकमेलिंग और पैसे मांगने का आरोप
पुलिस ने एक महीने बाद आरोपी पर केस दर्ज किया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र के सूरत नगर फेज-एक में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
स्वजन का आरोप है कि गया निवासी युवक फोन और वीडियो कॉल कर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांग रहा था। इसी प्रताड़ना से तंग आकर छात्रा ने यह कदम उठाया।
पुलिस ने जांच के आधार पर घटना के एक महीने बाद आरोपित के खिलाफ शुक्रवार को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत केस दर्ज किया है।
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि पत्नी एक स्कूल में शिक्षिका हैं। उनकी 17 वर्षीय बेटी सेक्टर-14 स्थित एक इंस्टीट्यूट में नीट की कोचिंग ले रही थी।
पिता के अनुसार, जुलाई में पत्नी को बेटी के पास एक नोकिया फोन मिला था। पूछने पर बेटी ने बताया कि वह उसके दोस्त गया निवासी अगस्त्य चौधरी का है, जो पहले उसके ही इंस्टीट्यूट में ही पढ़ता था।
उस समय मां ने दोनों को पढ़ाई पर ध्यान देने की हिदायत दी थी। लेकिन अगस्त्य लगातार फोन करता रहा।
छह अगस्त को घर में अकेली थी छात्रा
शिकायत के मुताबिक, 6 अगस्त को पति-पत्नी दोनों ड्यूटी पर चले गए थे। पत्नी अपना फोन घर पर बच्चों के पास छोड़ गई थी। दोपहर करीब ढाई बजे छोटे बेटे ने पिता को फोन कर बताया कि दीदी ने पंखे से फंदा लगा लिया है।
पिता ने पड़ोसी को फोन कर घर भेजा, जिसके बाद स्वजन उसे सर्वोदय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बदनाम करने की धमकी देने का आरोप
पिता ने बताया कि घटना से एक दिन पहले बेटी ने कहा था कि वह काफी परेशान है। अगस्त्य उसे वीडियो कॉल पर धमका रहा है कि तेरे को बदनाम कर दूंगा, बिहार आ जा और पैसे दे। छोटे भाई ने भी बताया कि वह बार-बार फोन करता था।
छह अगस्त को भी आरोपी ने कई बार वीडियो कॉल कर परेशान किया था। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने बताया कि पिता की शिकायत पर जांच के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा
