गुरुग्राम में डांडिया गरबा ने परिवारों को जोड़ा, नवरात्र की शाम बनी यादगार
गुरुग्राम में दैनिक जागरण और आरएल इंटरनेशनल स्कूल द्वारा आयोजित डांडिया रास-2026 में परिवारों ने नवरात्र का उत्साह मनाया।
-1792395001074_m.webp)
गुरुग्राम में डांडिया गरबा ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
गुरुग्राम में दैनिक जागरण ने डांडिया रास का आयोजन किया।
परिवारों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा का आनंद लिया।
बेस्ट ड्रेस कपल सहित कई पुरस्कार भी दिए गए।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शाम के छह बजते ही संगीत की धुनें गूंजने लगती हैं। हाथों में डांडिया, चेहरे पर मुस्कान और कदमों में गजब का उत्साह। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागी तैयार हैं।
जैसे ही गरबा की लय तेज होती है, कदम थिरकने लगते हैं। डांडिया की खनक के साथ तालियां गूंजती हैं और पूरा परिसर उत्सव के रंग में डूब जाता है। शनिवार शाम सेक्टर-82 स्थित आरएल इंटरनेशनल स्कूल में कुछ ऐसा ही नजारा दिखाई दिया।
दैनिक जागरण और आरएल इंटरनेशनल स्कूल की ओर से आयोजित डांडिया रास-2026 में गुरुग्राम ने नवरात्र के उल्लास को पूरे उत्साह के साथ जिया।
डांडिया बना खुशियों को साझा करने का माध्यम
गुजरात की लोक संस्कृति से जुड़ा गरबा और डांडिया यहां सिर्फ नृत्य नहीं, बल्कि मिल-बैठने और खुशियां साझा करने का माध्यम बनकर सामने आया।
परिवारों और जोड़ों ने आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर लोग अपनों के साथ उत्सव का आनंद लेते नजर आए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं समाज को एक सूत्र में बांधने का काम करती हैं। गरबा और डांडिया जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अच्छा माध्यम हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे हरियाणा गो सेवा आयोग के पूर्व वाइस चेयरमैन पूरन यादव लोहचब ने कहा कि भारतीय त्योहार सामाजिक समरसता और आपसी मेल-मिलाप का संदेश देते हैं।
मानेसर नगर निगम के मनोनीत पार्षद व गांव वजीरपुर के पूर्व सरपंच शेर सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन परिवारों को एक साथ आने और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।
तरुण और डा. अपूर्वा को बेस्ट ड्रेस कपल का मिला पुरस्कार
डांडिया की थाप के बीच प्रतिभागियों की वेशभूषा भी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधान, साज-सज्जा और उत्सवी अंदाज ने आयोजन स्थल की रौनक बढ़ा दी। हर कोई अपने अंदाज में नवरात्र की खुशियां मनाता नजर आया।
किसी के कदम गरबा की लय से मेल खाते दिखे तो किसी की वेशभूषा ने लोगों का ध्यान खींचा। मंच पर सजे सांस्कृतिक माहौल ने भारतीय परंपराओं की खूबसूरती को जीवंत कर दिया।
आयोजन में आकर्षक परिधानों के लिए पुरस्कार भी दिए गए। बेस्ट ड्रेस श्रेणी में श्रीतिक शेखर को सम्मानित किया गया। वहीं, बेस्ट ड्रेस कपल का पुरस्कार तरुण शेखर और डा. अपूर्वा आनंद को मिला। पुरस्कारों की घोषणा के साथ प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।
सहयोगियों ने भी बढ़ाया उत्साह
आयोजन में आर्वी हेल्थकेयर, सेक्टर-90 की निदेशक डा. रेनू और डा. विक्रम सिंह यादव ने हेल्थ पार्टनर के रूप में सहयोग दिया। वहीं, रूफ बिल्डर एंड डेवलपर के निदेशक लोकेश गिडवानी और राइजोनिक रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रमन ग्रोवर रियल्टी पार्टनर के रूप में जुड़े।
इस मौके पर आरएल इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन प्रियांक गुप्ता, प्रिंसिपल संदीप चौहान, मंथन जन सेवा समिति के अध्यक्ष आरपी सिंह चौहान एवं विश्व हिंदू परिषद मानेसर विभाग के मंत्री देवेंद्र सिंह समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- मां दुर्गा की शक्ति, Shreya Ghoshal की आवाज... इस बंगाली गीत के बिना अधूरा है पूजा पंडाल; खूब होता है धुनुची नाच
