गुरुग्राम के सुहेब हत्याकांड में खुलासा, फोन में देखी थी बहन की आपत्तिजनक फोटो; तभी से साजिश रच रहा था आरोपी
गुरुग्राम में सुहेब की हत्या का खुलासा हुआ है। आरोपी जीशान ने दो साल पहले दुबई में सुहेब के फोन ...और पढ़ें
-1770283731316_m.webp)
हत्या के मामले में पुलिस गिरफ्त में तीनों आरोपित। आर्काइव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बहन से प्रेम-प्रसंग पर उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाले 27 वर्षीय सुहेब को गुरुग्राम बुलाकर गला घाेंटकर हत्या के मामले में पुलिस को पूछताछ के दौरान आरोपित से काफी अहम जानकारियां मिली हैं। पता चला कि आरोपित जीशान दो साल से सुहेब की हत्या की साजिश रच रहा था, लेकिन उसे वारदात के लिए कभी मौका नहीं मिल पाया।
पूछताछ में पता चला कि दो साल पहले सुहेब और जीशान दोनों दुबई में एक सैलून में काम करते थे और एक साथ ही रहते थे। करीब दो साल पहले एक दिन जीशान ने सुहेब के मोबाइल फोन में अपनी बहन की आपत्तिजनक फोटो देख ली। इसके बाद से ही वह रंजिश रखने लगा। हालांकि, इसके बाद भी दोनों एक साथ ही रहे।
सुहेब ने जीशान से की थी उसकी बहन से शादी की बात
इस घटना के करीब छह महीने बाद सुहेब ने जीशान से उसकी बहन से शादी करने का प्रस्ताव भी रखा। तब उसने गांव में पास-पास घर होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। करीब छह महीने पहले दोनों दुबई से नौकरी छोड़कर भारत वापस आ गए। इसके बाद जीशान गुरुग्राम के जय विहार में रहकर सैलून की दुकान में काम करने लगा। वह कई बार हत्या के इरादे से गांव भी गया, लेकिन सुहेब को कभी अकेला नहीं पाया।
पहले खूब पिलाई शराब और फिर घाेंट दिया गला
आखिरकार वह कुछ दिन पहले 23 जनवरी को अमरोहा के चुचेला कलां गांव गया और नौकरी का बहाना बनाकर सुहेब को अपने साथ लेकर चला आया। जीशान ने साजिश के तहत 24 जनवरी को सुहेब को खूब शराब पिलाई।
जब वह सो गया तो आरोपित ने उसके दोनों हाथ बांध दिए और इलेक्ट्रिक वायर से गला घोंट दिया। इसके बाद जीशान उसी बेड पर सो गया, जहां सुहेब का शव पड़ा हुआ था। सुबह उठकर जीशान ने अपने दो अन्य साथियों अतुल और दिव्यम को वारदात में शामिल किया और 25 जनवरी की रात घर से सात सौ मीटर दूर शव को गंदे नाले में फिकवा दिया।
अतुल और दिव्यम सुहेब के शव को कंबल में लपेटकर पैदल ही नाले के पास तक गए थे। आनंद गार्डन चौकी प्रभारी एसआइ अमित कुमार ने बताया कि तीनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।

