व्यापार सदन की जमीन बेचकर कमाई करेगा नगर निगम
नगर निगम गुरुग्राम अपनी वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए महरौली रोड स्थित व्यापार सदन क्षेत्र की बेशकीमती जमीन बेचने की तैयारी में है।

गुरुग्राम नगर निगम बेचेगा बेशकीमती जमीन ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
निगम वित्तीय संसाधन बढ़ाने के लिए जमीन बेचेगा।
महरौली रोड स्थित व्यापार सदन की जमीन बिक्री पर।
दो एकड़ ग्रुप हाउसिंग, दो एकड़ व्यावसायिक जमीन शामिल।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। आर्थिक संसाधन बढ़ाने और खर्चों के लिए अतिरिक्त धन जुटाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम अब अपनी बेशकीमती जमीन बेचकर कमाई करने की तैयारी में है।
महरौली रोड स्थित व्यापार सदन क्षेत्र की जमीन को बेचने का प्रस्ताव मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा गया है। इसमें ग्रुप हाउसिंग सोसायटी विकसित करने के लिए दो एकड़ जमीन और दो एकड़ व्यावसायिक जमीन शामिल है।
शुरू हो जाएगी बिक्री की प्रक्रिया..
मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद जमीन की बिक्री को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निगम के पास फिलहाल करीब 400 करोड़ रुपये का कोष बचा है, जबकि सालाना खर्च लगभग एक हजाार करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है।
ऐसे में आय और खर्च के बीच बड़े अंतर को देखते हुए निगम की नजर अपनी संपत्तियों के बेहतर उपयोग और जमीन से राजस्व जुटाने पर है।
हर वर्ष होती है बड़ी धनराशि खर्च
नगर निगम गुरुग्राम पर शहर में विकास कार्य कराने, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों के रखरखाव और अन्य नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी है। इन कार्यों पर हर वर्ष बड़ी धनराशि खर्च होती है।
दूसरी ओर, निगम के खातों में उपलब्ध राशि सालाना खर्च की तुलना में काफी कम है। ऐसे में जमीन बेचकर एकमुश्त आय जुटाने का विकल्प अपनाया जा रहा है। हालांकि, प्रस्तावित जमीन की बिक्री से कितनी राशि मिलने की उम्मीद है, यह कीमत निर्धारण और आगे की प्रक्रिया के बाद स्पष्ट होगा।
एक ही परिसर में होंगे सभी कार्यालय
व्यापार सदन की जमीन पर नगर निगम का नया दस मंजिला कार्यालय भवन भी तैयार हो रहा है। निगम की योजना नए वर्ष में सभी कार्यालयों को इस भवन में स्थानांतरित करने की है। अभी निगम के कार्यालय अलग-अलग स्थानों पर चल रहे हैं।
इनमें सेक्टर-34, सेक्टर-39 और सेक्टर-42 के कार्यालय, सदर बाजार के पास पुराना कार्यालय और सिविल लाइंस में बूस्टिंग स्टेशन के पास बना कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) और एसडीओ का कार्यालय शामिल है।सभी कार्यालय एक परिसर में आने से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच समन्वय बेहतर होने के साथ ही आम लोगों को भी अलग-अलग जगह चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
- 2 एकड़ जमीन ग्रुप हाउसिंग सोसायटी के लिए उपलब्ध
- 2 एकड़ जमीन व्यावसायिक जमीन है
- 10 मंजिला निगम कार्यालय भवन भी यहीं निर्माणाधीन है
- 5 की जगह एक छत के नीचे निगम कार्यालय होगा
महरौली रोड पर व्यापार सदन स्थित जमीन बेचने का प्रस्ताव मुख्यालय को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। मंजूरी मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।- संजीव मान, चीफ टाउन प्लानर, नगर निगम गुरुग्रामयह भी पढ़ें- Bihar Paddy Price: बाजार में धान का भाव 3250 रुपये तक चढ़ा, MSP से 809 रुपये अधिक
