Bihar Paddy Price: बाजार में धान का भाव 3250 रुपये तक चढ़ा, MSP से 809 रुपये अधिक
बिहार के चंडी में धान का बाजार किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहा है, जहां धान का भाव ...और पढ़ें

बाजार में धान का भाव 3250 रुपए तक चढ़ा, एमएसपी से 809 रुपये अधिक
HighLights
धान का भाव 3250 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा।
एमएसपी से 809 रुपये अधिक मिल रहा किसानों को।
निर्यात और त्योहारों की मांग से बाजार में तेजी।
संवाद सूत्र, चंडी। किसानों के लिए धान का बाजार इन दिनों अधिक लाभकारी बना हुआ है।भाव नित्य प्रति बढ़ रहा है। 1080 रूपये प्रति मन से शुरू होकर धान का भाव 1240 रूपये से 1300 रूपये प्रति मन यानी 3100 से 3250 रूपये प्रति क्विंटल तक पहंच चुका है।
व्यापारी बता रहे हैं कि धान पड़ोसी देश भेजा जा रहा है। इस कारण इसमें तेजी बनी हुई है। दिवाली और छठ में नए चावल की मांग के कारण भी धान का बाजार चढ़ा हुआ है।
व्यापारी खेत में पहुंचकर धान खरीद कर रहे हैं। 18 प्रतिशत नमी वाले धान व्यापारी बिना ना-नुकुर के खरीद रहे हैं। इससे अधिक नमी वाले धान एक किलोग्राम अधिक तौल से समतुल्य कर खरीदा जा रहा है।
सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये (बी- ग्रेड धान) प्रति क्विंटल और ए ग्रेड धान का एमएसपी 2461 रूपये तय की है।
चंडी के लालगंज निवासी व्यापारी रणजीत साव ने बताया कि धान के भाव और बढ़ने की उम्मीद है, क्योंकि यह बाहर भेजा जा रहा है। छठ में नया चावल और नया चिउड़ा की मांग भी बढ़ी हुई है।
सहकारी समितियां को 15 नवंबर से धान अधिप्राप्ति करनी होती है, लेकिन अधिप्राप्ति की प्रक्रिया पूरी होने में कई दिन निकल जाते हैं।
दस्तूर पर के किसान सुधीर कुमार और नरसंडा के किसान जगत नारायण ने बताया कि बाजार में धान बेचना अधिक लाभकारी है। खेत से ही बिक्री हो रही है। जबकि पैक्स या व्यापार मंडल को धान बेचने में क्रय केंद्र तक किसानों को धान पहुंचाना पड़ता है। सहकारी समितियों को धान बेचने के लिए किसान पंजीकरण करा रहे हैं।
पंजीकरण के लिए लगान रसीद, किसान पंजीकरण संख्या और दो पहचान पत्र की आवश्यकता पड़ती है। जबकि गैर रैयत को मुखिया या वार्ड सदस्य या किसान सलाहकार से प्रमाण पत्र जारी करवाना पड़ता है तथा दो पहचान पत्र भी आवश्यक है।
