गुरुग्राम मेट्रो कॉरिडोर से क्षेत्र की बदलेगी तस्वीर, खाका हो रहा तैयार; निगम कार्यालय में हुई चर्चा
गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो रूट के आसपास के क्षेत्रों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के लिए प्रशासन ने तैयारी ...और पढ़ें
-1778964849402_m.webp)
गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो रूट के आसपास के क्षेत्रों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की तैयारी।
HighLights
मेट्रो कॉरिडोर के आसपास योजनाबद्ध विकास की तैयारी।
वेंडिंग जोन, यूटिलिटी शिफ्टिंग पर विस्तृत चर्चा हुई।
यातायात प्रबंधन, पैदल यात्रियों की सुविधा पर जोर।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में प्रस्तावित मेट्रो रूट के आसपास के क्षेत्रों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। इसको लेकर नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें मेट्रो परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि मेट्रो कॉरिडोर के आसपास यातायात, सुविधाओं और सार्वजनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समग्र योजना तैयार की जाएगी।
बैठक में मेट्रो स्टेशन और प्रमुख मार्गों के आसपास वेंडिंग जोन विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। अधिकारियों का मानना है कि सुनियोजित वेंडिंग जोन बनने से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और सड़कों पर अव्यवस्था कम होगी। बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, सीएमओ डा. आशीष सिंगला, सिटी प्रोजेक्ट आफिसर सहित मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए बनेगा अलग प्लान
मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान पेयजल और सीवर नेटवर्क की शिफ्टिंग को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कई स्थानों पर मौजूदा पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी सेवाओं को स्थानांतरित करना आवश्यक होगा। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर चरणबद्ध योजना तैयार की जाएगी ताकि लोगों को पानी और सीवर सेवाओं में परेशानी का सामना न करना पड़े।
पैदल यात्रियों और ट्रैफिक प्रबंधन पर जोर
अधिकारियों ने बैठक में पैदल यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक प्रबंधन को भी प्राथमिकता देने की बात कही। मेट्रो रूट के आसपास फुटपाथ, सुरक्षित क्रासिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था को लेकर भी मंथन किया गया। निर्माण कार्य के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर सहमति बनी।
विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने की तैयारी
बैठक में नगर निगम, मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारी और अन्य विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसके लिए नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी ताकि निर्माण कार्य और विकास योजनाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।