गुरुग्राम में पानी का बिल न भरने वालों पर कार्रवाई, 72 बकायेदारों से 77.87 लाख की वसूली
नगर निगम गुरुग्राम ने पानी के बिलों का भुगतान न करने वाले 72 उपभोक्ताओं से 77.87 लाख रुपये की बकाया राशि वसूली है।
-1792292749274_m.webp)
गुरुग्राम में पानी के बिल न भरने वालों पर गिरी गाज ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
नगर निगम गुरुग्राम ने 72 बकायेदारों से 77.87 लाख रुपये वसूले।
पानी के बिल न भरने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई जारी है।
सनसिटी क्षेत्र में पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पानी के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नगर निगम गुरुग्राम ने सख्ती तेज कर दी है। 30 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच निगम की क्लस्टर टीम-1 और टीम-2 ने 72 उपभोक्ताओं से 77.87 लाख रुपये की बकाया राशि वसूली है।
वहीं, सनसिटी क्षेत्र में लंबे समय से बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। बकाया राशि जमा नहीं कराने पर पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। क्लस्टर टीम-2 ने 53 उपभोक्ताओं से 44.52 लाख रुपये वसूले।
क्लस्टर टीम-1 ने 19 उपभोक्ताओं से 33.35 लाख रुपये की वसूली की। दोनों टीमों ने 13 दिनों में कुल 72 उपभोक्ताओं से 77.87 लाख रुपये का बकाया जमा कराया।
सनसिटी में बकायेदारों पर कार्रवाई
सनसिटी क्षेत्र में ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है, जिन्होंने लंबे समय से पानी के बिल जमा नहीं कराए हैं। बार-बार सूचना देने के बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। निगम की ओर से बकाया राशि की वसूली के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
समय पर भुगतान करने की अपील
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित पानी के बिलों का जल्द भुगतान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार सूचित करने के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं कराने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
