विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में पत्नी की हत्या कर फंदे से लटका पति, कंपनी को ईमेल से भेजा सुसाइड नोट; केरलम से थे दंपती

Published: Thu, 15 Oct 2026 10:05 PM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-68 स्थित एमथ्रीएम मरीना सोसाइटी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या। फोटो: आार्कइव

पत्नी की हत्या कर पति ने की आत्महत्या। फोटो: आार्कइव

HighLights

  1. गुरुग्राम में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की

  2. हत्या के बाद पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

  3. आत्महत्या से पहले कंपनी को ईमेल भेजकर दी सूचना

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-68 स्थित एमथ्रीएम मरीना सोसाइटी में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मोहम्मद असलम और 28 वर्षीय फरहाना के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से केरलम के रहने वाले थे और गुरुग्राम में किराये के फ्लैट में रहते थे।

असलम एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। आत्महत्या से पहले उसने कंपनी को ईमेल भेजकर अपने पिता और मकान मालिक को सूचना देने का अनुरोध किया था।

ईमेल में पिता को सूचना देने की अपील

बादशाहपुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, असलम ने घटना से पहले कंपनी के आधिकारिक ईमेल पर एक संदेश भेजा था।

इसमें उसने अपने पिता और मकान मालिक के मोबाइल नंबर साझा किए थे और दोनों को घटना के बारे में सूचित करने के लिए कहा था। कंपनी के अधिकारियों ने ईमेल देखने के बाद फ्लैट के मकान मालिक को इसकी जानकारी दी।

फ्लैट में फर्श पर पड़ा था पत्नी का शव

मकान मालिक ने मामले की सूचना बादशाहपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट का दरवाजा खोलकर अंदर गई तो फरहाना का शव फर्श पर पड़ा मिला।

वहीं, असलम का शव फंदे से लटका हुआ था। घटनास्थल की शुरुआती परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि असलम ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली।

हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है।

परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

मोबाइल और ईमेल की जांच कर रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में असलम के डिप्रेशन में होने की बात सामने आई है। हालांकि, दंपती के बीच किसी विवाद या अन्य कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस असलम के मोबाइल फोन, ईमेल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम अस्पताल में तोड़फोड़: एमआरआई जांच ठप, लाखों का नुकसान