गुरुग्राम की इम्पीरिया एसफिरा सोसायटी में लिफ्ट में फंसे दंपती, रखरखाव पर उठे गंभीर सवाल
नया गुरुग्राम की इम्पीरिया एसफिरा सोसायटी में एक दंपती 18 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा, जिससे महिला की तबीयत ...और पढ़ें

नया गुरुग्राम की इम्पीरिया एसफिरा सोसायटी में एक दंपती 18 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा। जागरण
HighLights
दंपती 18 मिनट तक लिफ्ट में फंसा रहा।
महिला की तबीयत बिगड़ी, घबराहट और पसीना आया।
रखरखाव एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाया गया।
संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सेक्टर-37सी की इम्पीरिया एसफिरा सोसायटी में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सी टावर की लिफ्ट में एक दपंती करीब 18 मिनट तक फंसा रहा। इस दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और काफी देर तक मदद नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद निवासियों ने बिल्डर और रखरखाव एजेंसी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए लिफ्टों के रखरखाव पर सवाल उठाए हैं।
घटना 28 जुलाई की सुबह की है। सी टावर की 23वीं मंजिल पर रहने वाले नवीन सेमसन परमार अपनी पत्नी जेनोबिया परमार के साथ सुबह करीब 7:20 बजे लिफ्ट से नीचे जा रहे थे। जेनोबिया द्वारका स्थित एक स्कूल में शिक्षिका हैं। आरोप है कि लिफ्ट अचानक झटके के साथ नीचे आई और बेसमेंट के पास दो मंजिलों के बीच रुक गई। लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला, जिससे दोनों अंदर ही फंस गए।
दंपती ने कई बार इमरजेंसी अलार्म बजाया और दरवाजा पीटकर मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक कोई सुरक्षा कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। शोर सुनने के बाद अन्य लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने पहुंचकर करीब 18 मिनट बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
नवीन सेमसन परमार का कहना है कि लिफ्ट में फंसे रहने के दौरान उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें घबराहट, अत्यधिक पसीना आने और बेहोशी जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले करीब 15 दिनों से लिफ्ट में तकनीकी खराबी की शिकायत रखरखाव एजेंसी और बिल्डर को दी जा रही थी, लेकिन समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि लिफ्ट में कोई बुजुर्ग, बच्चा या बीमार व्यक्ति फंसता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
नमी से उपकरणों में लगा जंग, मरम्मत शुरू
रखरखाव एजेंसी के एस्टेट आफिसर शक्ति सिंह के अनुसार, सोसायटी में भूजल स्तर अधिक होने के कारण नमी का असर लिफ्ट के कुछ उपकरणों पर पड़ा है। इससे उपकरणों में जंग लगने के कारण तकनीकी खराबी आई और लिफ्ट बंद हो गई। उन्होंने बताया कि लिफ्ट की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है और इसे शुक्रवार तक दोबारा चालू करने का प्रयास किया जा रहा है।
