गुरुग्राम वकीलों के लिए खुशखबरी: नए और आधुनिक चैंबर के लिए जल्द मिलेगी जमीन
गुरुग्राम के अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया जल्द तेज होगी।
-1790341462751_m.webp)
गुरुग्राम बार के आधुनिक चैंबर के लिए जल्द मिलेगी जमीन। जागरण
HighLights
गुरुग्राम अधिवक्ताओं के आधुनिक चैंबर निर्माण के लिए भूमि आवंटन प्रक्रिया तेज।
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ने दिया आश्वासन।
मुख्यमंत्री की घोषणा पर जिला बार एसोसिएशन ने की पहल।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर। गुरुग्राम के अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर निर्माण का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद जगी है।
जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा से मुलाकात कर चैंबर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा को जल्द अमलीजामा पहनाने और जमीन आवंटन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने चीफ जस्टिस को बताया कि 12 जुलाई को टावर आफ जस्टिस के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक चैंबर निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी।
इसके बाद से जिला बार एसोसिएशन की ओर से इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त और सुविधायुक्त चैंबर की आवश्यकता को देखते हुए जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग रखी गई।
चीफ जस्टिस ने कमेटी से ली प्रक्रिया की जानकारी
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की जस्टिस बिल्डिंग कमेटी के अध्यक्ष से चैंबर के लिए जमीन उपलब्ध कराने और निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जमीन उपलब्ध कराने और चैंबर निर्माण से संबंधित प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाएगा।
चीफ जस्टिस ने कहा कि गुरुग्राम की बार प्रदेश की सबसे बड़ी बार है। ऐसे में यहां अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक और बेहतर सुविधाओं से युक्त चैंबर तैयार किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चैंबर की योजना इस स्तर की होनी चाहिए कि यह प्रदेश की अन्य बार एसोसिएशनों के लिए भी उदाहरण बन सके।
नई कार्यकारिणी ने उठाया अधिवक्ताओं का मुद्दा
जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की ओर से चैंबर निर्माण के मुद्दे को प्राथमिकता से उठाया गया है। प्रतिनिधिमंडल में जिला बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष कुलभूषण भारद्वाज, बार काउंसिल के सदस्य अजय चौधरी, बार एसोसिएशन के सचिव प्रशांत ठाकरान और अधिवक्ता राजेश लांबा शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि हाई कोर्ट स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ने से लंबे समय से चली आ रही चैंबर की जरूरत पूरी होने की दिशा में जल्द ठोस कदम उठेगा।
