'लिंचिंग का डर था, इसलिए भागा', गुरुग्राम हिट एंड रन के आरोपी कल्याण बैंसला के वकील का दावा
कल्याण बैंसला के वकील ने गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर सिया को टक्कर मारने के मामले में अपने मुवक्किल का ...और पढ़ें

गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बैंसला के वकील ने किया लिंचिंग का दावा। फोटो: आर्काइव
HighLights
वकील ने कहा कल्याण लिंचिंग के डर से मौके से भागा
बाइक सवारों पर तेज रफ्तार और उकसाने का आरोप लगाया
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार कल्याण बैंसला के वकील ने अपने मुवक्किल का बचाव करते हुए कई दावे किए हैं।
वकील नवीन बैंसला का कहना है कि हादसे के बाद उनका मुवक्किल इसलिए मौके से भागा, क्योंकि उसे भीड़ द्वारा पीटे जाने यानी लिंचिंग का डर था। उन्होंने बाइक सवारों पर तेज रफ्तार से चलने और कल्याण को उकसाने का आरोप लगाया है।
वकील बोले, लिंचिंग के डर से भागा
एक चैनल से बातचीत में कल्याण बैंसला के वकील नवीन बैंसला ने कहा कि उनके मुवक्किल की गलती नहीं थी। उनके मुताबिक, बाइक सवार तेज रफ्तार में थे और उन्हीं की वजह से हादसा हुआ।
मौके पर रुककर घायल महिला की मदद नहीं करने के सवाल पर वकील ने कहा कि कल्याण को डर था कि बाइक सवारों की भीड़ उसे घेरकर पीट सकती है। उन्होंने दावा किया कि खुद की सुरक्षा के लिए वह वहां से चला गया।

25 से 30 राइडरों का किया दावा
वकील ने दावा किया कि घटनास्थल पर करीब 25 से 30 बाइक राइडर थे। उनका आरोप है कि ये राइडर 120 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे थे।
उन्होंने सिया और एक अन्य राइडर की ओर से साझा किए गए वीडियो को भी ‘एडिटेड और प्लांटेड’ बताया। वकील ने सवाल उठाया कि राइडरों को सड़क के पूरे हिस्से पर स्टंट करने, तेज रफ्तार से चलने और लोगों की जान जोखिम में डालने की अनुमति कौन देता है।
कार मोड़ने को लेकर दी सफाई
वीडियो में कार को पहली लेन से तीसरी लेन की तरफ जाते और बाइक को साइड से टक्कर मारते दिखाए जाने के सवाल पर वकील ने कहा कि उन्होंने वीडियो चार बार देखा है। उनका दावा है कि वीडियो से महिला बाइक राइडर की तेज रफ्तार स्पष्ट होती है।
वकील के अनुसार, कल्याण पीछे से आ रहा था और आगे यू-टर्न देखकर खुद को बचाने के लिए उसने कार बायीं ओर मोड़ ली। उन्होंने कहा कि राइडर उसे उकसा और परेशान कर रहे थे, लेकिन कल्याण ने उनसे कुछ नहीं कहा।
सिया का जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप
घटना रविवार सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया अपनी Aprilia RS 457 बाइक से अन्य राइडरों के साथ जा रही थीं। उनके अनुसार, एक सफेद Maruti Suzuki Ciaz उनका पीछा कर रही थी और कार में सवार लोग उन्हें परेशान कर रहे थे।
सिया ने आरोप लगाया था कि कार सवारों ने पहले उन्हें रुकने का इशारा किया और बाद में कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर कई बार फिसली थीं। उनके बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में हादसे के दौरान सड़क पर घर्षण से निकलती चिंगारियां भी रिकॉर्ड हुई थीं।
पुलिस ने हत्या प्रयास धारा जोड़ी
गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी है। इस अपराध में 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
कल्याण बैंसला को मंगलवार सुबह राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया। वह घटना के बाद से फरार था। अब पुलिस मामले में सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम हिट एंड रन केस का आरोपी कल्याण बैंसला राजस्थान से गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का चलेगा केस
यह भी पढ़ें- 'दुख था तो रुके क्यों नहीं?' गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बाइक राइडर सिया का आरोपी पर पलटवार
