विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का हाल, कहीं ताले, कहीं बंद भवन का किराया जारी

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:27 PM (IST)

गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली सामने आई है, जहां किराए के विवाद और बिजली बिल बकाया होने के कारण दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ताले लग गए।

गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं क हाल बेहाल ( एआई जेनरेटेड इमेज )

गुरुग्राम में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं क हाल बेहाल ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. किराए और बिजली बिल बकाया होने से दो UPHC पर ताले।

  2. पटेल नगर UPHC का ताला विभागीय अधिकारियों के हस्तक्षेप से खुला।

  3. अप्रयुक्त हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भवन का किराया दो साल से जारी।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। शहर में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर कुछ ऐसी है कि कहीं मरीजों के लिए अस्पताल का दरवाजा बंद है, तो कहीं स्वास्थ्य केंद्र का भवन बंद होने के बावजूद किराये का मीटर चालू है।

स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज की व्यवस्था से ज्यादा चर्चा अब ताले, बकाया किराये और विभागीय आश्वासनों की हो रही है। दो दिनों में दो शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (यूपीएचसी) पर ताला लग गए।

स्वास्थ्य सेवाओं का हाल बदहाल 

वहीं, एक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) का भवन इस्तेमाल नहीं होने के बावजूद किराया जारी रहने के मामला भी सामने आ रहा है।

मंगलवार को राजीव पार्क स्थित यूपीएचसी के मुख्य गेट पर भवन मालिक ने ताला लगा दिया। किराये और बिजली बिल के भुगतान को लेकर हुए विवाद के कारण इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों को वापस लौटना पड़ा।

विभागीय अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर ताला खुलवाया

दूसरे दिन बुधवार को पटेल नगर स्थित यूपीएचसी पर भी भवन मालिक ने ताला लगा दिया। बाद में विभागीय अधिकारियों ने हस्ताक्षेप करके ताला खुलवाया।

इधर, विभागीय सूत्राें के मुताबिक, पीएचसी ओम नगर के अंतर्गत शिवाजी नगर-शांति नगर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के लिए किराये पर भवन लिया गया है। करीब दो वर्ष बाद भी केंद्र का नियमित संचालन इस भवन में नहीं हो रहा। यहां का स्टाफ पीएचसी में सेवाएं दे रहा है और एचडब्ल्यूसी का संचालन भी वहीं किया जा रहा है।

इसके बावजूद भवन का किराया दिए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में एक ओर किराया और बिजली बिल बकाया होने पर केंद्रों पर ताले लग रहे हैं, दूसरी ओर इस्तेमाल नहीं हो रहे भवन का किराया जारी होने की बात विभाग के अंदर चर्चा का विषय बनी हुई है।

पटेल नगर सुधार मंडल के अध्यक्ष चौधरी दीपचंद का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले को गंभीरता से ले। यह विषय लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा है।


पहले चंडीगढ़ से सेंट्रलाइज भुगतान होता था। फिलहाल इस प्रक्रिया में बदलाव चल रहा है। जिससे किराया भुगतान में देरी हुई है। हालांकि जल्द से जल्द भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, एचडब्ल्यूसी भवन का मामला संज्ञान में आया है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ वीरेंद्र बसवाना, सीएमओ, गुरुग्राम