विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम: गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत, ट्रॉली टूटने से हुआ हादसा

Published: Wed, 07 Oct 2026 02:27 PM (IST)Updated: Wed, 07 Oct 2026 02:34 PM (IST)

गुरुग्राम में निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। ट्रॉली का सेटअप टूटने से हादसा हुआ। पुलिस सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

सांकेतिक तस्वीर (AI-Generated Image)

HighLights

  1. गढ़ी हरसरू में निर्माणाधीन इमारत से गिरकर राजमिस्त्री की मौत हो गई

  2. सामग्री ले जाने वाली ट्रॉली टूटने से संतुलन बिगड़ने से हादसा हुआ

  3. पुलिस जांच कर रही, निर्माण सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सेक्टर-93 चौकी क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी हरसरू गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर 50 वर्षीय राजमिस्त्री राम अवतार की मौत हो गई। मृतक मूल रूप से राजस्थान के दौसा जिले के रहने वाले थे और पिछले कई सालों से अपने परिवार के साथ गढ़ी हरसरू में ही रहकर राजमिस्त्री का काम कर रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। राम अवतार इमारत की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान ईंट, सीमेंट और रोड़ी-बजरी ऊपर ले जाने के लिए लगाई गई ट्रॉली का पूरा सेटअप अचानक टूटकर नीचे गिर गया। ट्रॉली टूटने की वजह से राम अवतार का संतुलन बिगड़ गया और वह भी ट्रॉली के साथ सीधे नीचे आ गिरे। इसके बाद जो हुआ वो किसी से छिपा नहीं है।

हादसे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल राम अवतार को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मृतक के परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि शिकायत दर्ज होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी तरह से की जाएगी।

सुरक्षा में बार-बार हो रही चूक

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस पहलू को भी खंगाल रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी या नहीं। उल्लेखनीय है कि गुरुग्राम में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा में चूक का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब 15 दिन पहले भी बादशाहपुर थाना क्षेत्र में इसी तरह की घटना में एक श्रमिक की जान चली गई थी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अमित शाह के कार्यक्रम में उमड़ी भीड़, दक्षिण हरियाणा से आए वाहनों से गुरुग्राम में सड़के पैक