गुरुग्राम में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने फुटपाथ पर सो रहे बुजुर्गों को कुचला, कार छोड़कर युवक-युवती फरार
गुरुग्राम के बादशाहपुर में सोहना रोड पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार फुटपाथ पर सो रहे दो बुजुर्गों को कुचलकर ...और पढ़ें
HighLights
गुरुग्राम में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर का कहर।
फुटपाथ पर सो रहे दो बुजुर्ग गंभीर घायल।
हादसे के बाद युवक-युवती मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम के बादशाहपुर थाना क्षेत्र में सोहना रोड पर रविवार सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आयरिया मॉल के पास बादशाहपुर से सोहना की तरफ जा रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई।
गाड़ी के एयरबैग खुले
फुटपाथ पर सो रहे दो बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कुचलने के बाद फॉर्च्यूनर सामने फुटपाथ पर खड़ी एक क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के एयरबैग खुल गए।

गाड़ी छोड़कर ड्राइवर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी में एक युवक और एक युवती सवार थे। हादसे के तुरंत बाद दोनों गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। लोगों का आरोप है कि दोनों शराब के नशे में थे और गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया
सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल बुजुर्गों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने फॉर्च्यूनर को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान की जा रही है और फरार युवक-युवती की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
