विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम ईएसआईसी अस्पताल की लापरवाही, ऑपरेशन में पेट में छूटा गाउन-तौलिया, महिला की मौत

Published: Mon, 02 Nov 2026 10:55 PM (IST)

गुरुग्राम के ईएसआईसी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की घोर लापरवाही से एक महिला की मौत हो गई। डॉक्टरों ...और पढ़ें

गुरुग्राम ईएसआईसी अस्पताल की लापरवाही ( फोटो स्रोत : जागरण )

गुरुग्राम ईएसआईसी अस्पताल की लापरवाही ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. ईएसआईसी अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान घोर लापरवाही हुई।

  2. महिला के पेट में गाउन और तौलिया छूटने से मौत हुई।

  3. पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जांच जारी है।

गुरुग्राम, वरुण त्रिवेदी। सेक्टर-9 स्थित ईएसआइसी अस्पताल में मेडिकल टीम की अति घोर लापरवाही सामने आई है। इसकी वजह से एक महिला की जान चली गई। पांच महीने के गर्भस्त शिशु की मौत के बाद इलाज के लिए महिला को सेक्टर नौ स्थित अस्पताल ले जाया गया।

ऑपरेशन के दौरान टीम से लापरवाही हुई और महिला के पेट में ही गाउन और एक तौलिया छूट गया। कुछ घंटों बाद उसने दम तोड़ दिया।

पेट से निकला हरे रंग का गाउन

सोमवार को मेडिकल बोर्ड ने जब महिला के शव का पोस्टमार्टम किया तो पेट से हरे रंग का गाउन और गुलाबी रंग का तौलिया निकाला गया।

पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के मुताबिक, गाउन करीब चार फीट लंबा और ढाई फीट चौड़ा था। जबकि तौलिया करीब एक फीट लंबा बताया गया है। गाउन ऑपरेशन थिएटर के अंदर मेडिकल टीम द्वारा पहना जाता है और तौलिए का उपयोग हाथ पोंछने के लिए किया जाता है।

पुलिस को दी गई शिकायत

आशंका है कि ऑपरेशन के दौरान मेडिकल टीम ने यह दोनों चीजें बच्चेदानी में छोड़ दी और टांके लगा दिए। महिला के पति ने ईएसआइसी अस्पताल में उपचार के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए सेक्टर पांच पुलिस थाने में शिकायत दी है।

जानकारी के अनुसार, शीतला कॉलोनी निवासी मनोज कुमार एक्सिस बैंक में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी मंजू पांच माह की गर्भवती थीं। स्वजन ने निजी केंद्र में उनका अल्ट्रासाउंड कराया था। जांच में गर्भस्थ शिशु की गर्भ में ही मौत होने की जानकारी मिली। इसके बाद शनिवार को स्वजन अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट लेकर मंजू को ईएसआइसी अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद गर्भस्थ शिशु को बाहर निकालने के लिए दवा दी। दवा के असर से शिशु बाहर आ गया, लेकिन नाल बाहर नहीं निकल पाई। इसके चलते महिला को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

हालत गंभीर होने पर अन्य अस्पताल किया गया रेफर

चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर नाल बाहर निकाली। लेकिन, इसके बाद भी रक्तस्राव जारी रहा। लगातार प्रयासों के बावजूद महिला का रक्तस्राव नियंत्रित नहीं हो सका और रक्तचाप भी सामान्य नहीं हुआ।

हालत गंभीर होने पर रविवार को चिकित्सकों ने उसे पार्क अस्पताल रेफर किया। पार्क अस्पताल के मुताबिक जब मरीज को लाया गया, उस दौरान सांस चल रही थी, लेकिन कुछ ही समय बाद महिला ने दम तोड़ दिया। सोमवार को डा. दीपक माथुर, डा. टोनी और स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. सरिता के तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।

चिकित्सकों के अनुसार, जांच के दौरान गर्भाशय के अंदर खून से सना हरे रंग का गाउन और लाल रंग का हाथ पोंछने वाला तौलिया मिला।

सेक्टर पांच थाने के एएसआइ जितेंद्र कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा।

इस संबंध में ईएसआईसी अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन, फोन नहीं उठने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।

इस संबंध में जानकारी मिली है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार टीम का गठन करके मामले की जांच कराई जाएगी।- डॉ वीरेंद्र बसवाना, सीएमओ, गुरुग्राम

यह भी पढ़ें- बंगाल में बाबरी मस्जिद पर घमासान, 6 दिसंबर को हाईवे जाम करेंगे हुमायूं कबीर; 5 लाख लोगों के जुटने का दावा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।