विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में घटेगा धूल प्रदूषण, नगर निगम की सड़कों को पक्का करने की कवायद तेज

Published: Wed, 11 Mar 2026 02:06 AM (IST)

गुरुग्राम नगर निगम शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए एंड-टू-एंड पेविंग पर जोर दे रहा है। निगमायुक्त ...और पढ़ें

गुरुग्राम की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए एंड-टू-एंड पेविंग पर जोर।

गुरुग्राम की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए एंड-टू-एंड पेविंग पर जोर।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने एंड-टू-एंड पेविंग की योजना पर जोर दिया है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ऐसी सड़कों की पहचान करें जो पूरी तरह पेवड यानी पक्की हैं और जिन सड़कों को जल्द पेवड किया जा सकता है, ताकि शहर में धूल प्रदूषण को कम किया जा सके और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके।

मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने कहा कि शहर की जिन सड़कों पर एंड-टू-एंड पेविंग हो चुकी है, वहां सफाई व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही जिन सड़कों पर अभी पेविंग का कार्य बाकी है, उन्हें चिह्नित कर जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों के रखरखाव और सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

जीएमडीए और नगर निगम मिलकर करेंगे कार्य

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों का दायरा गुरुग्राम मेट्रोपालिटन डेवलपमेंट अथारिटी (जीएमडीए) के अंतर्गत आता है, वहां जीएमडीए के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करवाया जाए। वहीं, नगर निगम गुरुग्राम के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में नगर निगम के इंजीनियरों के माध्यम से आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं।

विकास कार्यों का रोजाना करें निरीक्षण

बैठक में सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि अधिकारी प्रतिदिन मौके पर जाकर कार्यों की स्थिति देखें और निरीक्षण की रिपोर्ट इंस्पेक्शन एप पर अपलोड करें, ताकि कार्यों की निगरानी और पारदर्शिता बनी रहे।

दूषित पेयजल की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें

निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी क्षेत्र से दूषित पेयजल की शिकायत मिलती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान करना जरूरी है, ताकि नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मार्केट और मंडी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था मजबूत होगी

शहर के बाजार और मंडी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड, मार्केट एसोसिएशन और आढ़ती एसोसिएशन के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका और रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त डा. नरेश कुमार, विशाल कुमार, डा. जयवीर यादव और रविंद्र मलिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- पंजाब- हरियाणा में 30 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राजस्थान में निशाने पर पासपोर्ट ऑफिस और डाकघर