विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब- हरियाणा में 30 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, राजस्थान में निशाने पर पासपोर्ट ऑफिस और डाकघर

Published: Tue, 10 Mar 2026 11:06 PM (IST)

देशभर में कई सरकारी कार्यालयों और स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। राजस्थान में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को निशाना बनाया गया।

पंजाब- हरियाणा में 30 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी(फाइल फोटो)

पंजाब- हरियाणा में 30 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी(फाइल फोटो)

HighLights

  1. राजस्थान में पासपोर्ट कार्यालयों, डाकघरों को धमकी मिली

  2. हरियाणा-पंजाब के स्कूलों को ईमेल से धमकी दी गई

  3. तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, सुरक्षा बढ़ी

जागरण टीम , नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में कई सरकारी कार्यालयों को ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई। राजस्थान में जहां मंगलवार को पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को ये धमकियां मिलीं हैं, वहीं हरियाणा-पंजाब में स्कूलों को निशाना बनाया गया। बता दें कि मंगलवार को राजस्थान के जोधपुर समेत 10 से अधिक शहरों में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलीं।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे संदेश ई-मेल के जरिये भेजे गए थे। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे, परिसरों को खाली कराया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। गुरुग्राम में एक बार फिर मंगलवार को 12 से ज्यादा प्रतिष्ठित स्कूलों को ई-मेल भेजकर बम से उड़ाने की धमकी दी गई।

स्कूलों में गहन तलाशी अभियान 

गुरुग्राम पुलिस, डाग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने सभी स्कूलों में गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सूत्रों के अनुसार, खालिस्तान नेशनल आर्मी की तरफ से स्कूलों को ई-मेल भेजने की जानकारी सामने आई है। ई-मेल में स्कूलों में दोपहर 1:11 व 3:11 पर धमाका करने का दावा किया गया था।

मेल में सीएम सैनी को संबोधित करते हुए लिखा था कि हरियाणा विधानसभा में खालिस्तान मुद्दे पर जनमत संग्रह का समर्थन करो वरना जिंदगी खत्म।

पंजाब में 18 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

पंजाब के लुधियाना में 18 से अधिक स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल मिली। ई-मेल देखते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वाड की टीमें स्कूलों में पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।

एहतियात के तौर पर कुछ स्कूलों में छुट्टी कर दी गई, जबकि कई स्कूलों में सुरक्षा जांच के बाद शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षाएं करवाई गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी स्कूल में संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में तीन स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची टीम