गुरुग्राम में 28 अक्टूबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सफाई व्यवस्था होगी बेहतर
गुरुग्राम नगर निगम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए दीर्घकालिक टेंडर आवंटित किया है, जिसके तहत 28 अक्टूबर से 875 वाहनों के साथ नई व्यवस्था शुरू होगी।

गुरुग्राम में 28 अक्टूबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
28 अक्टूबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुरू होगा।
कुल 875 वाहन कचरा संग्रहण में लगाए जाएंगे।
बंधवाड़ी लैंडफिल पर कचरा निस्तारण कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं परिवहन के लिए पांच वर्ष की अवधि और दो वर्ष के विस्तार प्रावधान वाला दीर्घकालिक टेंडर आवंटित किया गया है।
इसके तहत क्लस्टर-1 में मैसर्स दिल्ली एमएसडब्ल्यू साल्यूशंस लिमिटेड और क्लस्टर-2 में मैसर्स बीवीजी इंडिया लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों क्लस्टरों में कुल 875 वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनमें 675 लाइट कमर्शियल वाहन (एलसीवी), 184 ई-रिक्शा और 16 कांपैक्टर शामिल हैं।
डोर डू डोर किया जाएगा कचरा संग्रहण
वाहनों की तैनाती 28 अक्टूबर से शुरू करने की योजना है, जिसके पहले चरण में 100 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। दीर्घकालिक व्यवस्था शुरू होने तक शहर के आठ जोन में अंतरिम व्यवस्था के तहत 591 वाहनों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं परिवहन किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त1,673 कर्मचारियों, 47 ट्रैक्टर-ट्रालियों और छह जेसीबी की व्यवस्था की गई है। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग के लिए 25 मशीनें हैं। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर करने के साथ ही सड़कों की डीप क्लीनिंग और पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
उद्योग मंत्री सोमवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बंधवाड़ी में 42.95 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का प्रसंस्करण
बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 58.50 लाख मीट्रिक टन कचरा पहुंचा है, जिसमें से 42.95 लाख मीट्रिक टन का निस्तारण किया जा चुका है। शेष 15.55 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जाना है।
वर्तमान में 16.80 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण के लिए 151.20 करोड़ रुपये के अनुबंध किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 8.50 लाख मीट्रिक टन कचरे के निस्तारण के लिए 61.71 करोड़ रुपये का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए भेजा गया है।
सड़क सुधार और प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई
बैठक में सड़क सुधार एवं नागरिक शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। 24-आवर चैलेंज के तहत प्राप्त 3,815 शिकायतों में से 3,041 का निस्तारण किया जा चुका था, जबकि 774 शिकायतें लंबित थीं। 100 रोड्स चैलेंज के तहत कार्य की भौतिक प्रगति 29.3 प्रतिशत और 10 आइकॉनिक रोड्स परियोजना की प्रगति 35.8 प्रतिशत दर्ज की गई।
सीएक्यूएम के तहत प्रस्तावित 396 किलोमीटर सड़क पुनर्विकास कार्य में से 223.90 किलोमीटर का कार्य पूरा किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा एक जनवरी से 23 अक्टूबर 2026 तक प्रदूषण और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर 12,914 चालान किए गए, जिनकी कुल राशि लगभग 2.68 करोड़ रुपये रही।
बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका एवं रविंद्र यादव, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, संयुक्त आयुक्त डा. प्रीतपाल सिंह सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- यूपी के बहराइच में सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने ली शपथ
