दीवाली पर पटाखों से सुलग उठा गुरुग्राम, दुकानों-घरों और बिजली पैनल में लगी आग; रातभर दौड़ती रहीं दमकल की गाड़ियां
दीवाली की रात गुरुग्राम में आतिशबाजी के कारण कई आग लगने की घटनाएं हुईं, जिससे दमकल विभाग की गाड़ियां पूरी ...और पढ़ें
-1794194338112_m.webp)
दीवाली की रात कई जगह लगी आग। जागरण
HighLights
दीवाली रात गुरुग्राम में कई आग लगने की घटनाएं।
दुकानों, घरों, कबाड़ और बिजली पैनल में लगी आग।
दमकल विभाग ने पूरी रात आग बुझाने का काम किया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दीवाली की रात गुरुग्राम में आतिशबाजी के बीच आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं। शाम से शुरू हुआ आग लगने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा और दमकल विभाग की गाड़ियां एक के बाद एक अलग-अलग इलाकों में दौड़ती रहीं।
कहीं दुकानों और घरों में आग लगी तो कहीं कबाड़ और कूड़े में उठी लपटों ने आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। रिहायशी इलाकों में मकानों और बिजली के पैनल तक आग पहुंच गई।
दमकल विभाग को लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी रहीं। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं है।
खांडसा रोड पर दुकान में आग
शाम को खांडसा रोड पर डीएवी स्कूल के पास मैसर्स पायल आयरन एंड हार्डवेयर ट्रेडर्स की दुकान में आग लग गई। तीन मंजिला इमारत में स्थित दुकान से आग की लपटों के साथ धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैलता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।
बिजली के पैनल में लगी आग
रात करीब 8:52 बजे डीएलएफ फेज-4 स्थित ऑर्किड क्रिसेंट के मकान नंबर 5523 की भूतल पर लगे बिजली के पैनल में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और करीब दस मिनट में आग बुझा दी।
कबाड़ और दुकानों में आगजनी
रात करीब 9:15 बजे अर्जुन नगर में दुकान में आग लग गई। इसी दौरान पुलिस लाइन में जे टावर के पास भी आग लगने की सूचना मिली। दमकलकर्मियों ने दोनों जगह पहुंचकर आग पर काबू पाया। रात करीब 9:16 बजे कृष्णा पैलेस के सामने एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली।
साइकिल की दुकान में आग
रात करीब 9:17 बजे सेक्टर-13 के राजीव नगर में साइकिल की दुकान में आग लग गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया और करीब 9:27 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
उद्योग विहार और बसई में भी आग
रात करीब 11:40 बजे उद्योग विहार फेज-3 में कबाड़ में आग लग गई। सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग को नियंत्रित किया। इसी दौरान बसई एन्क्लेव पार्ट-2 में भी आग लगने की सूचना मिली। यहां भी दमकलकर्मियों ने रात करीब 11:41 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
तड़के मकान और झाड़ियों में लगी आग
देर रात आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही थीं। रात को करीब 1:08 बजे सेक्टर-37डी में आईएलडी सोसायटी के पास झाड़ियों और घास में आग लग गई। इसके ठीक एक मिनट बाद पालम विहार के सी-1 ब्लाक स्थित मकान नंबर 558 की दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। दमकलकर्मियों ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर आग बुझाई। पालम विहार स्थित मकान में आग से घर का सामान जलकर खाक हो गया।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
दीवाली की रात अलग-अलग इलाकों में आग लगने की घटनाओं के बावजूद राहत रही कि किसी की जान नहीं गई और न ही किसी के घायल होने की सूचना मिली। दमकलकर्मियों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग को फैलने से रोका। लगातार मिलती सूचनाओं के चलते दमकल विभाग की टीमें पूरी रात आग बुझाने में जुटी रहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।