Weather Update: दिल्ली-NCR में फिर बदलेगा मौसम, झमाझम बारिश और कोहरे को लेकर आया ताजा अपडेट
पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने दिल्ली -एनसीआर में ठिठुरन बढ़ा दी है। हाल की हल्की बारिश के बाद ...और पढ़ें

एनसीआर में बारिश के आसार हैं। सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम सहित एनसीआर में पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं ने एक बार फिर ठिठुरन बढ़ा दी है। हाल ही में हुई हल्की वर्षा के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर करीब 4.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो सामान्य से नीचे माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन के समय हल्की धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
29 जनवरी तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम
खासकर खुले इलाकों और हाईराइज सोसायटियों में ठंडी हवा का असर अधिक देखा जा रहा है। सुबह कार्यालय जाने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली एनसीआर में 29 जनवरी तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रह सकता है।
इस दौरान 27 और 28 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा भी हो सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इन दिनों हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं, जो ठंड का एहसास और बढ़ाएंगी।
कोहरा छाने की संभावना
अलसुबह और देर रात कुछ क्षेत्रों में धुंध छाए रहने की भी संभावना जताई गई है। इससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है, खासकर हाईवे और खुले मार्गों पर चलने वाले वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को ठंड से बचाव की सलाह दी है।
