विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में लेबर चौक के पास सड़क पार कर रहे व्यक्ति को निजी बस ने कुचला, मौके पर ही मौत

Published: Sat, 07 Nov 2026 04:34 PM (IST)

गुरुग्राम में बाबा प्रकाशपुरी चौक पर एक निजी बस ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचल दिया। घटना में ...और पढ़ें

बस ने व्यक्ति को कूचला। फोटो-दैनिक जागरण

बस ने व्यक्ति को कूचला। फोटो-दैनिक जागरण

HighLights

  1. गुरुग्राम के बाबा प्रकाशपुरी चौक पर हुआ भीषण सड़क हादसा।

  2. निजी बस की चपेट में आने से व्यक्ति की मौके पर मौत।

  3. बस चालक मौके से फरार, पुलिस ने जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। रेलवे स्टेशन मार्ग पर बाबा प्रकाशपुरी चौक (लेबर चौक) के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई।

एक निजी बस ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई पूरी घटना

प्रत्यक्षदर्शी राजेश पटेल के अनुसार, हादसा दोपहर करीब ढाई बजे प्रकाशपुरी चौक रेड लाइट के पास हुआ। बताया जाता है कि बस रेलवे रोड की तरफ से आ रही थी। उस दौरान ग्रीन से रेड लाइट होने जा रही थी। इसी जल्दबाजी में बस चालक ने तेज रफ्तार में बस चलाई और सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद वह बस के पहियों के नीचे आ गया।

उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल पर सड़क पर खून के निशान बिखरे हुए थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर पांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

बस छोड़कर फरार हुआ चालक

मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद बस चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बस मानेसर के मारुति प्लांट की बताई जा रही है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।