विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में बाइकर शिवानी चौहान रोडरेज केस का सच आया सामने, SIT जांच पूरी; 7 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट

Published: Tue, 27 Oct 2026 12:13 AM (IST)

गुरुग्राम रोडरेज मामले में एसआईटी जांच पूरी हो गई है, जिसमें सामने आया है कि कार चालक ने महिला बाइकर ...और पढ़ें

शिवानी चौहान केस की एसआईटी जांच पूरी। फोटो: आर्काइव

शिवानी चौहान केस की एसआईटी जांच पूरी। फोटो: आर्काइव

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर शिवानी चौहान उर्फ सिया के साथ हुई रोडरेज की घटना में एसआईटी जांच पूरी हो गई है। एसीपी क्राइम अगेंस्ट वूमन सुशीला के नेतृत्व में बनी पांच सदस्यीय टीम ने बीते दिनों अपनी रिपोर्ट पुलिस आयुक्त को सौंप दी है।

जानबूझकर मारी थी महिला बाइकर को टक्कर

एसआईटी की जांच में साफ हुआ है कि आरोपित कार चालक कल्याण बैसला ने अभद्रता के बाद जानबूझकर महिला बाइकर की बाइक को टक्कर मारी थी। यह हादसा नहीं, बल्कि सोची समझी हरकत थी।

एसीपी सीएडब्ल्यू सुशीला ने बताया कि एसआईटी ने चालान का ड्राफ्ट भी तैयार कर लिया है और एक सप्ताह में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हो सकती है।

हेलमेट कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

घटना 13 सितंबर को हुई थी। दिल्ली के कालकाजी की रहने वाली 27 वर्षीय शिवानी चौहान अपने दोस्तों के साथ गोल्फ कोर्स रोड से एक्सटेंशन रोड की ओर जा रही थीं।

आरोप लगाया था कि सफेद सियाज कार में सवार कल्याण ने उनका पीछा किया, अश्लील इशारे किए और फिर साइड से टक्कर मारकर फरार हो गया। पूरी घटना शिवानी के हेलमेट कैमरे और साथी बाइकर के कैमरे में भी कैद हो गई थी। कार में चार लोग सवार थे।

कल्याण और उसका चचेरा भाई लवनीश आगे थे, जबकि दो अन्य लोगों को फरीदाबाद तक लिफ्ट दी गई थी। महिला बाइकर ने आरोपित के शराब के नशे में होने का आरोप लगाया था।

शराब पीने पर दिया गोलमोल जवाब

एसीपी ने बताया कि मेडिकल जांच में कल्याण के शरीर में नशे की पुष्टि नहीं हुई है, इसका कारण देरी से गिरफ्तारी हो सकती है। पूछताछ में आरोपित ने शराब पीने को लेकर गोलमोल जवाब दिए।

जांच में सामने आया कि घटना से पहले कल्याण और उसका साथी लवनीश गुर्जर रातभर एमजी रोड के एक पब-बार में थे। मामले में सेक्टर 56 थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास, अभद्रता व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।

नशे की पुष्टि नहीं, जवाब मिले गोलमोल

हरियाणा महिला आयोग के नोटिस के बाद पुलिस आयुक्त सिबाश कविराज ने एसआईटी गठित की थी। गुरुग्राम पुलिस ने 15 सितंबर को कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा के राजगढ़ से गिरफ्तार किया था। लवनीश गुर्जर को भी साथ पकड़ा गया था। दोनों फिलहाल भोंडसी जेल में बंद हैं।

यह भी पढ़ें- 'न तो कपड़ों की गलती, न वक्त की', गुरुग्राम में 250 महिला बाइकर्स ने निकाली 'राइड अगेंस्ट माॅलेस्टेशन' रैली