विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में शराब पीने के दौरान मामूली विवाद बना मौत की वजह, ऑटो चालक की हत्या कर झाड़ियों में फेंका शव

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:22 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम के हरिनगर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक 50 वर्षीय ऑटो चालक की रस्सी से गला ...और पढ़ें

गुरुग्राम में मामूली विवाद में हत्या। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम में मामूली विवाद में हत्या। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. शराब पीने के दौरान विवाद में हत्या

  2. ऑटो चालक अरविंद की गला घोंटकर हत्या

  3. दो दोस्त गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। खांडसा मंडी के हरिनगर में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 50 वर्षीय ऑटो चालक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई।

आरोपियों ने शव को ऑटो में डालकर सेक्टर-29 में अप्पू घर के पास सुनसान जगह पर झाड़ियों में फेंक दिया। शनिवार को लावारिस हालत में शव पाया गया।

पहचान होने के बाद परिवार ने दो दोस्तों पर हत्या का अारोप लगाया। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।

ग्वालियर का रहने वाला था अरविंद 

मृतक की पहचान हरिनगर निवासी 50 वर्षीय अरविंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अरविंद मूल रूप से ग्वालियर के बिरला नगर के रहने वाले थे और 25-30 साल से परिवार के साथ गुरुग्राम के हरि नगर में रह रहे थे।

परिवार ने बताया कि वह गुरुवार दोपहर में खाना खाने के बाद ऑटो चलाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन लौटे नहीं। स्वजन उनकी खोजबीन कर रहे थे।

इधर, शनिवार को अप्पू घर के पास झाड़ियों से बदबू आने पर लोगों ने व्यक्ति का शव पड़ा होने की कंट्रोल रूम में सूचना दी। मौके पर एफएसएल, सीन आफ क्राइम सहित अन्य टीमें पहुंची।

गले में रस्सी के निशान मिले 

शव की जांच के दौरान गले पर रस्सी के निशान मिले। सोमवार को पहचान होने के बाद परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।

दोनों आरोपी भी हरिनगर के रहने वाले हैं और अरविंद के दोस्त बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि तीनों गुरुवार रात हरि नगर में एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने रस्सी से अरविंद का गला घोंट दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को ऑटो में डालकर सेक्टर-29 ले गए और झाड़ियों में फेंक दिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अनियंत्रित ट्रक ने ली कांस्टेबल की जान, ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे अमित