विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में अनियंत्रित ट्रक ने ली कांस्टेबल की जान, ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे अमित

Published: Mon, 12 Oct 2026 04:57 PM (IST)

गुरुग्राम के फरुखनगर में एक ट्रक की टक्कर से दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अमित यादव की मौत हो गई। वह ...और पढ़ें

ट्रक ने बाइक सवार दिल्ली पुलिस कांस्टेबल को मारी टक्कर, जागरण।

ट्रक ने बाइक सवार दिल्ली पुलिस कांस्टेबल को मारी टक्कर, जागरण।

HighLights

  1. दिल्ली पुलिस कांस्टेबल अमित यादव की मौत।

  2. गुरुग्राम के फरुखनगर में ट्रक ने मारी टक्कर।

  3. पुलिस ने जांच शुरू की, चालक फरार।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। फरुखनगर थाना क्षेत्र के खवासपुर गांव के पास सोमवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर

मृतक की पहचान बिलासपुर क्षेत्र के बांसलांबी गांव निवासी 33 वर्षीय अमित यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब नौ बजे अमित दिल्ली से ड्यूटी खत्म कर अपनी बाइक से बांसलांबी स्थित घर लौट रहे थे।

जब वह फरुखनगर क्षेत्र में खवासपुर गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमित बाइक समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी ईस्ट ऑफिस में थे तैनात

परिवार ने बताया कि अमित ने साल 2016 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी ज्वाइन की थी। बीते नौ साल से वह दिल्ली पुलिस में सेवा दे रहे थे और वर्तमान में डीसीपी ईस्ट ऑफिस में तैनात थे।

परिवार में अमित इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन है। नौ साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनकी सात साल और पांच साल की दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू

फरुखनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बता दें कि रविवार को भी फरुखनगर क्षेत्र में गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्बेबल अंकित कुमार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। दो दिन में यह दूसरे हादसे में किसी पुलिसकर्मी की मौत है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बसई से सेक्टर-47 तक जलभराव से लोग परेशान, 40 मिमी बारिश से सड़कें हुईं पानी से लबालब; थमी रफ्तार