गुरुग्राम में ATM में कैश लोड करने वालों ने ही किया 87 लाख का गबन, दुबई भागे भाइयों समेत पांचों आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में एटीएम में कैश लोड करने वाले कर्मचारियों ने 87.86 लाख रुपये का गबन किया। पुलिस ने दुबई से ...और पढ़ें

पकड़े गए गुरुग्राम में कैश गबन करने वाले। फोटो: सांकेतिक
HighLights
एटीएम से 87.86 लाख रुपये का गबन किया गया
दो भाइयों सहित पांच आरोपी गिरफ्तार हुए
दुबई से लौटे मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। एटीएम में कैश लोड करने वाले कर्मचारियों ने ही 87.86 लाख रुपये का गबन कर लिया। दो सगे भाइयों ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और कैश कैसेट की सील तोड़कर रुपयों पर हाथ साफ कर दिया।
वारदात के बाद दोनों भाई दुबई फरार हो गए थे। पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी कर दोनों को पकड़ा। अब तक पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पांचवें और अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी मंगलवार रात दिल्ली एयरपोर्ट से की गई। इनके पास से करीब 20 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।
एटीएम से 87.86 लाख रुपये का गबन
पुलिस के अनुसार सीएमएस इन्फो सिस्टम लिमिटेड कंपनी विभिन्न बैंकों के एटीएम में नकदी लोड करने का काम करती है। कंपनी ने सितंबर के पहले सप्ताह में सेक्टर-29 थाने में शिकायत दी थी कि चारखरपुर और चक्करपुर इलाके के एटीएम में ऑडिट के दौरान गड़बड़ी मिली है।
कैश का मिलान करने पर भारी अंतर था और कई कैश कैसेट की सील बदली हुई मिली। जांच में कुल 87,86,500 रुपये की हेराफेरी सामने आई। शिकायत पर कंपनी में काम करने वाले पांच कर्मचारियों के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया।
पता चला कि गिरोह का मास्टरमाइंड सचिन और उसका भाई नवीन है, जो वारदात के बाद ही दुबई भाग गए थे। पुलिस ने तुरंत लुकआउट सर्कुलर जारी करा दिया।
दुबई से लौटते ही दोनों भाई गिरफ्तार
सचिन पैसे ठिकाने लगाने के बाद 28 सितंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा तो पुलिस ने उसे धर दबोचा। उससे पूछताछ के बाद गिरोह के तीन अन्य साथी नवीन कुमार, हरदीप और रविंद को पांच अक्टूबर को गुरुग्राम से पकड़ा गया।
वहीं सचिन का भाई नवीन, जो दुबई में छिपा था, वह मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा। पहले से अलर्ट पुलिस ने उसे भी एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 23,900 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि सचिन और नवीन दोनों चरखी दादरी के गांव कल्याणा के रहने वाले सगे भाई हैं, जबकि अन्य तीन आरोपी गुरुग्राम के ही निवासी हैं।
नवीन को छोड़कर अन्य चारों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। पूछताछ में पता चला है कि नवीन के खिलाफ रोहतक में पहले से छीना-झपटी का एक मामला दर्ज है।
कैश कैसेट की सील तोड़कर निकालते थे रुपये
सेक्टर-29 थाना पुलिस का कहना है कि इस गिरोह ने एटीएम में कैश लोडिंग के दौरान कैसेट से रुपये निकालकर सील दोबारा लगा दी थी, ताकि तुरंत पकड़ में न आए।
पुलिस ने अब तक करीब 20 लाख रुपये की रिकवरी कर ली है। पांचवें आरोपी नवीन से रिमांड पर पूछताछ कर बाकी रकम की बरामदगी की कोशिश की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अब सोहना में डाला जाएगा गुरुग्राम का कूड़ा, 41 करोड़ से लगेगा नया प्लांट; 20 एकड़ जमीन पर होगा डिस्पोजल
