दशहरे की आतिशबाजी से गुरुग्राम की हवा जहरीली, 72 घंटे में 73 अंक उछला AQI; दीपावली पर और घुलेगा 'जहर'?
दशहरे की रात हुई आतिशबाजी के कारण गुरुग्राम और मानेसर की हवा जहरीली हो गई है, जहां AQI खराब श्रेणी ...और पढ़ें

आश्रम हरि मंदिर पटौदी में रावण के पुतले का दहन करते हुए। जागरण
HighLights
दशहरे की आतिशबाजी से गुरुग्राम का AQI 205 पहुंचा।
मानेसर में AQI 235 दर्ज, लगातार चौथे दिन खराब।
स्वास्थ्य विभाग ने मास्क पहनने और सुबह की सैर से बचने की सलाह दी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। दशहरे की रात हुई आतिशबाजी का धुआं साइबर सिटी की हवा में जहर बनकर घुल गया। बुधवार सुबह 7 बजकर 5 मिनट पर गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक 205 और मानेसर का 235 दर्ज हुआ, जो खराब श्रेणी है। दो दिन पहले तक 132 पर था आंकड़ा, अब 72 घंटे में 73 अंक उछल गया।
मौसम ने बढ़ाई मुसीबत
मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 5 से 8 किलोमीटर रह गई है। तापमान गिरने से महीन कण नीचे बैठकर परत बना रहे हैं। इससे प्रदूषक फैल नहीं पा रहे। मानेसर में लगातार चौथे दिन सूचकांक 200 के पार है, 18 को 212, 19 को 214 और अब 235 पहुंचा।

विभागों ने शुरू किया चेकिंग अभियान
सूचकांक 201 से 300 पर पहले चरण में सड़कों पर पानी छिड़काव और कचरा जलाने पर रोक है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने मंगलवार को चंदू पटाखा गोदाम की जांच कर नमूने पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन को भेजे हैं। क्षेत्रीय अधिकारी हरीश शर्मा ने बताया सभी गोदामों की जांच होगी, पुलिस साथ रहेगी। सिर्फ पहचान चिन्ह वाले हरित पटाखों की ही बिक्री होगी।
सेहत पर खतरा
स्वास्थ्य विभाग ने सलाह जारी की है। खराब हवा में लंबे समय तक रहने से सांस और आंखों में जलन हो सकती है। सुबह की सैर से बचें और मुंह पर मास्क पहनें। विशेषज्ञों का कहना है, यह तो शुरुआत है। दीवाली पर नियंत्रण नहीं हुआ तो सूचकांक 400 पार यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच जाएगा।
