विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में प्रदूषण पर निगम का 'एक्शन प्लान', 22 नवंबर तक तैनात होंगी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें

Published: Fri, 13 Nov 2026 05:01 PM (GMT+05:30)

गुरुग्राम नगर निगम 22 नवंबर तक अपनी सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनों को सड़कों पर उतारेगा ताकि शहर की बदहाल ...और पढ़ें

सड़कों पर पशु, निगम की व्यवस्था ध्वस्त। संजय गुलाटी

सड़कों पर पशु, निगम की व्यवस्था ध्वस्त। संजय गुलाटी

HighLights

  1. 22 नवंबर तक सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें होंगी सक्रिय।

  2. बेसहारा पशुओं को पकड़ने, डेयरियों के सर्वे का अभियान।

  3. खुले में कचरा जलाने पर रोक, वार्डवार टीमें गठित।

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम की बदहाल सफाई व्यवस्था और बढ़ते धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर निगम अब सख्ती के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है।

शहर की सड़कों पर धूल उड़ने और मैकेनाइज्ड सफाई व्यवस्था ठप रहने की समस्या के बीच निगम ने सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनों को 22 नवंबर तक सड़कों पर उतारने का लक्ष्य तय किया है। यानी अगले नौ दिनों में निगम की सभी मशीनें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।

13 नवंबर काे खबर प्रकाशित होने के बाद निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सभी मशीनों को दुरुस्त करवाकर सफाई कार्य में लगाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही खुले में घूमने वाले बेसहारा पशुओं को पकड़ने, डेयरियों का सर्वे करने और खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

शुक्रवार को निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक में निगमायुक्त डॉ. पंकज ने सफाई व्यवस्था, पशु प्रबंधन, स्ट्रीट डाग्स और धूल प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सभी कार्यों के लिए समयसीमा तय कर उन्हें धरातल पर लागू किया जाए। रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़कों से हटेंगे बेसहारा पशु

शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। पकड़े गए पशुओं को गोशालाओं और नंदीशालाओं में भेजा जाएगा। अभियान के दौरान यदि कोई व्यक्ति निगम की कार्रवाई में बाधा डालता है तो पुलिस की सहायता ली जाएगी। निगमायुक्त ने अधिकारियों को पशुपालकों को भी जागरूक करने और पशुओं को खुले में छोड़ने से रोकने के निर्देश दिए।

गोबर नालियों में बहाने पर रोक

शहर में संचालित पशु डेयरियों का सर्वे कराया जाएगा। डेयरी संचालकों को परिसर में ही पशुओं को बांधकर रखने और गोबर का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। गोबर को नालियों और सीवर में बहाने से जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है और सीवर जाम होने की समस्या बढ़ती है। ऐसे मामलों पर निगम की ओर से निगरानी रखी जाएगी।

स्ट्रीट डाग्स के टीकाकरण और नसबंदी में आएगी तेजी

स्ट्रीट डाग्स के प्रबंधन को लेकर भी निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कुत्तों के स्टरलाइजेशन और टीकाकरण की प्रक्रिया तेज करने के साथ डाग शेल्टर निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।

कचरा जलाने वालों पर वार्डवार रखी जाएगी नजर

शहर में खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वार्डवार पेट्रोलिंग टीमें गठित की जाएंगी। ये टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करेंगी और कचरा जलाने की घटनाएं मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी। निगमायुक्त ने अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।