गुरुग्राम में एसटीएफ टीम पर हमला, बदमाशों ने की मारपीट और फायरिंग; दो जवान घायल
सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर एसटीएफ की टीम पर 10 से अधिक कार सवार लोगों ने हमला किया, ...और पढ़ें

एसटीएफ की टीम पर 10 से अधिक कार सवार लोगों ने हमला किया। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
भोंडसी कट पर एसटीएफ टीम पर हमला हुआ।
कार सवार 10 से अधिक लोगों ने मारपीट, फायरिंग की।
हमले में दो एसटीएफ जवान घायल, आरोपी फरार।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर शनिवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की सेंट्रल यूनिट की टीम पर कार सवार 10 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया। टक्कर मारने के बाद मारपीट और फायरिंग तक की। हमले में दो जवान घायल हो गए। हालांकि किसी को गोली नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे होते हुए भोंडसी की ओर जाने वाला है। इस पर एसआई राजकुमार के नेतृत्व में टीम ने रात 12 बजे भोंडसी कट पर नाकेबंदी की थी। रात एक बजे अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक पहुंचे।
संदिग्ध लगने पर जब टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो चालकों ने रफ्तार बढ़ा दी और नाके पर खड़ी एसटीएफ की सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद सभी गाड़ियों से उतरे, सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए, पुलिसकर्मियों से हाथापाई की और टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
एसटीएफ टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर कारों समेत फरार हो गए। घायल जवानों को सोहना नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भोंडसी थाना पुलिस ने एसआई राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी और तकनीकी सर्विलांस से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
