गुरुग्राम: 50 करोड़ से संवरेगा नगर निगम का नया कार्यालय, चकाचक होगा फर्नीचर और IT सिस्टम
गुरुग्राम नगर निगम ने अपने निर्माणाधीन दस मंजिला कार्यालय के लिए फर्नीचर और आईटी सुविधाओं हेतु 50 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
-1792135662937_m.webp)
नए कार्यालय में सुविधाओं पर खर्च होंगे 50 करोड़
HighLights
निगम के नए कार्यालय हेतु 50 करोड़ का टेंडर।
फर्नीचर और आईटी सुविधाओं पर होगा खर्च।
नए साल तक मिलेंगी आधुनिक नागरिक सेवाएं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। नगर निगम के नए कार्यालय में फर्नीचर और आइटी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर करीब 50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। व्यापार सदन में निर्माणाधीन दस मंजिला इमारत में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सीसीटीवी और कान्फ्रेंस हाल सहित अन्य आइटी सुविधाओं पर बजट खर्च किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर लगाया है। योजना के तहत कार्यालय को आधुनिक कार्यप्रणाली के अनुरूप तैयार किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को एक ही छत के नीचे निगम से संबंधित विभिन्न सेवाएं मिल सकेंगी।
नगर निगम की ओर से नए कार्यालय में फर्नीचर के साथ आइटी से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे अधिकारियों और कर्मचारियों को कामकाज के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी। व्यापार सदन में तैयार हो रही दस मंजिला इमारत में विभिन्न शाखाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की योजना है। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली कमेटी देगी मंजूरी
नगर निगम के एसडीओ सुमित कुमार ने बताया कि फर्नीचर और आइटी सुविधाओं से संबंधित टेंडर की दरों को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली हाई पावर वर्क्स कमेटी की बैठक में मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य नए साल में कार्यालय में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का है।
