विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गहने घर पर सलामत, सिर्फ सामान बिखरा मिला; क्या किसी साजिश का शिकार हुई गुरुग्राम में टीचर की पत्नी?

Published: Fri, 16 Oct 2026 10:57 PM (IST)

सोहना के दौला गांव में 35 वर्षीय नीतू की हत्या की गुत्थी उलझ गई है। घर का सामान बिखरा होने ...और पढ़ें

घर में सामान बिखरा मिला था।

घर में सामान बिखरा मिला था।

HighLights

  1. नीतू की हत्या, घर का सामान बिखरा मिला।

  2. महिला के जेवरात सुरक्षित मिले, चोरी की आशंका कम।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, मकसद की तलाश जारी।

सतीश राघव, सोहना। दौला गांव में 35 वर्षीय नीतू की हत्या की गुत्थी उलझती जा रही है। घर का सामान बिखरा मिला, लेकिन महिला के गले में मंगलसूत्र, हाथ में अंगूठी और पैरों में पाजेब सुरक्षित थे।

ऐसे में वारदात के पीछे चोरी के बजाय किसी अन्य वजह की आशंका भी जांच के दायरे में है। यह भी सवाल उठ रहा है कि कहीं घर का सामान जानबूझकर तो नहीं बिखेरा गया, ताकि हत्या को चोरी से जोड़कर जांच को भटकाया जा सके। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी आशंका की पुष्टि नहीं की है।

जेवरात सुरक्षित मिलने से लूटपाट पर सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात से जुड़े संदिग्ध दो बाइकों पर आए थे। चार युवकों में से दो ने हेलमेट पहन रखे थे, जबकि अन्य दो ने कपड़े से चेहरे ढक रखे थे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

संदिग्धों की आवाजाही, घर के आसपास उनकी गतिविधियों और वारदात के समय से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। महिला के शरीर पर मौजूद जेवरात सुरक्षित मिलने से लूटपाट की आशंका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

यदि आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसे थे तो उन्होंने जेवरात क्यों नहीं लिए? क्या वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश या अन्य वजह थी? क्या सामान बिखेरना जांच को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश थी?

फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या का मकसद स्पष्ट होने के बाद ही वारदात की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।

घर में अकेली थी महिला, बाथरूम में मिला शव

शुक्रवार सुबह नीतू के पति प्रशांत अपने तीनों बच्चों को लेकर स्कूल गए थे। दोपहर करीब दो बजे एक परिचित महिला घर पहुंची तो गेट खुला मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था।

आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद स्वजन घर पहुंचे और महिला को अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- रस्सी से बंधे हाथ और मुंह पर टेप... गुरुग्राम में टीचर की पत्नी की बेरहमी से हत्या; बाथरूम में मिली लाश