गुरुग्राम: फर्जी दस्तावेजों के सहारे GMDA का टेंडर हासिल करने की कोशिश, शिकायत के बाद जांच शुरू
गुरुग्राम के चंदू बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की नई 100 एमएलडी यूनिट के टेंडर में फर्जी दस्तावेजों के आरोप लगे ...और पढ़ें

निर्माण से जुड़े टेंडर पर खड़े हुए सवाल। (AI Generated Image)
HighLights
चंदू बुढेड़ा प्लांट के 100 एमएलडी यूनिट टेंडर पर सवाल.
फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत करने के आरोप में जीएमडीए जांच कर रहा.
54 करोड़ रुपये के टेंडर में कंपनियों पर धांधली का आरोप.
संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के चंदू बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की नई 100 एमएलडी यूनिट के निर्माण से जुड़े टेंडर पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोप है कि कुछ कंपनियों ने अपनी तकनीकी योग्यता और वित्तीय क्षमता को लेकर गलत दस्तावेज प्रस्तुत कर टेंडर प्रक्रिया में जगह बना ली। शिकायत मिलने के बाद जीएमडीए ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जारी किया था 54 करोड़ रुपये का टेंडर
जीएमडीए ने 18 मार्च को चंदू बुढेड़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 100 एमएलडी क्षमता की छठी यूनिट के निर्माण के लिए करीब 54 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया था। इस प्रोजेक्ट को 21 माह में पूरा किया जाना है। टेंडर भरने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल थी।
तकनीकी बिड खुलने पर छह कंपनियों ने आवेदन किया था। जांच में एक कंपनी निर्धारित शर्तें पूरी नहीं कर सकी, जिसे बाहर कर दिया गया। इसके बाद शेष कंपनियों की वित्तीय बिड खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
इसी दौरान सोहना के पलड़ा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह यादव ने जीएमडीए में शिकायत देकर आरोप लगाया कि कुछ कंपनियों ने अनुभव और वित्तीय क्षमता से जुड़े गलत दस्तावेज लगाए हैं।
शिकायत में कहा गया है कि इन कंपनियों की वास्तविक पात्रता टेंडर की शर्तों के अनुरूप नहीं है, फिर भी उन्हें तकनीकी बिड में योग्य मान लिया गया।
चुनिंदा कंपनियों को लाभ पहुंचाने का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 23 अप्रैल को टेंडर की पात्रता संबंधी शर्तों में बदलाव किया गया, जिससे ऐसी कंपनियों को भी मौका मिल गया जिनके पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण का पर्याप्त अनुभव नहीं है। आरोप है कि संशोधित शर्तों का लाभ कुछ चुनिंदा कंपनियों को पहुंचाने के उद्देश्य से दिया गया।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा ने बताया कि चंदू बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के टेंडर को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में मानसून से पहले जीएमडीए का बड़ा कदम, सेक्टर 58 से 67 तक जल निकासी तंत्र मजबूत
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम के एआइटी चौक पर जलभराव से मिलेगी राहत, जीएमडीए ने ड्रेनेज नेटवर्क को किया मजबूत
