फरुखनगर में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर गला घोंटकर हत्या का आरोप
फरुखनगर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद मायके वालों ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

फरुखनगर में महिला की संदिग्ध मौत ( एआई इमेज )
HighLights
फरुखनगर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई।
मायके वालों ने पति पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया।
पति बच्चे संग फरार, पुलिस कर रही तलाश।
संवाद सहयोगी, फरुखनगर (गुरुग्राम)। फरुखनगर के वार्ड-2 में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
वारदात के बाद पति महिला के शव को निजी अस्पताल में छोड़कर 10 महीने के बच्चे को लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पति करता था मारपीट
मृतका की पहचान 27 साल की भावना शर्मा के रूप में हुई है। उसका मायका हापुड़ के पिलखुवा गांव में है। दिसंबर 2024 में उसकी शादी मोकलवास निवासी गौतम शर्मा से हुई थी। शादी के बाद दोनों फरुखनगर के वार्ड-2 में अपने मकान में रह रहे थे। उनका एक 10 महीने का बच्चा भी है।
मायके वालों के अनुसार, मंगलवार शाम भावना ने फोन कर बताया था कि पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और गला दबा रहा है। कुछ देर बाद ही गौतम ने मायके में फोन कर सूचना दी कि भावना ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
गौतम उसे सेक्टर-88 स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। सूचना पर जब मायके वाले फरुखनगर स्थित घर पहुंचे तो घर में सामान बिखरा पड़ा था और बच्चा भी गायब मिला।
पोस्टमार्मट के बाद ही पता चलेगा असली कारण
स्वजन ने आशंका जताई कि आरोपित पति बच्चे को साथ ले गया है। थाना पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपित पति की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर: मारवाड़ी कॉलेज में वित्तीय कमेटी के कार्यालय पर घमासान, सिंडिकेट सदस्यों ने कुलपति को लिखा पत्र
