भागलपुर: मारवाड़ी कॉलेज में वित्तीय कमेटी के कार्यालय पर घमासान, सिंडिकेट सदस्यों ने कुलपति को लिखा पत्र
भागलपुर के शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक खींचतान और छात्रों से जुड़े मुद्दे चर्चा में हैं। मारवाड़ी कॉलेज में नए भवन ...और पढ़ें

भागलपुर मारवाड़ी कॉलेज।
HighLights
मारवाड़ी कॉलेज के नए भवन पर सिंडिकेट का विरोध।
टीएनबी कॉलेज काउंटर विवाद को धार्मिक रंग देने पर आपत्ति।
टीएमबीयू में छात्रों के लिए 132वें छात्र दरबार का आयोजन।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर के शिक्षण संस्थानों और विश्वविद्यालयों में प्रशासनिक खींचतान, छात्रों के मुद्दे और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी खबरें इन दिनों चर्चा में हैं।
मारवाड़ी कॉलेज में नए भवन के उपयोग को लेकर उपजा विवाद गहराता जा रहा है, वहीं टीएनबी कॉलेज में काउंटर विवाद पर राजनीति गरमाने लगी है। इसके साथ ही छात्रों की सुविधा के लिए टीएमबीयू में छात्र दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
मारवाड़ी कॉलेज में सिंडिकेट ने खोला मोर्चा
मारवाड़ी कॉलेज के नए भवन में मारवाड़ी पाठशाला समिति की वित्तीय कमेटी के कार्यालय को लेकर जारी विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षकों के बाद अब सिंडिकेट सदस्यों ने भी इसका कड़ा विरोध किया है।
सिंडिकेट सदस्यों ने कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और नए भवन से वित्तीय कमेटी का कार्यालय हटाकर वहां नियमित पठन-पाठन शुरू कराने की मांग की है।
पत्र लिखने वालों में सिंडिकेट सदस्य डॉ. निर्लेश कुमार, डॉ. केके मंडल और सीनेट सदस्य मुजफ्फर अहमद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भवन संचालन के लिए प्राचार्य को अधिकृत किया गया है, बावजूद इसके समिति सदस्यों द्वारा व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है।
16 मई 2026 को गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट पांच महीने बाद भी लंबित है। उधर, प्राचार्य डॉ. संजय कुमार झा ने बताया कि नए भवन में कर्मचारियों ने काम शुरू कर दिया है।
छात्रों की पढ़ाई की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। दूसरी ओर, वित्तीय कमेटी का दावा है कि नक्शे में कार्यालय के लिए कमरा निर्धारित है और समझौते के तहत ही कार्रवाई हो रही है।
टीएनबी कॉलेज विवाद धार्मिक रंग देने पर आपत्ति
टीएनबी कॉलेज के काउंटर पर विद्यार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में एसएसएआई के कॉलेज अध्यक्ष देव सूरज ने वीडियो जारी कर घटना को निंदनीय बताया है और कॉलेज प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने किसी कर्मचारी पर धर्म आधारित भेदभाव का आरोप लगाकर मामले को राजनीतिक या धार्मिक रंग देने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यदि विद्यार्थियों के साथ गलत व्यवहार हुआ है, तो इसकी जांच होनी चाहिए, लेकिन अनावश्यक रूप से माहौल खराब करना उचित नहीं है।
टीएमबीयू में 132वें छात्र दरबार का आयोजन
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को सुगमता से डिग्री और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को 132वें छात्र दरबार का आयोजन किया जा रहा है।
सीनेट हॉल में होने वाले इस विशेष कार्यक्रम के लिए लगभग 450 डिग्रियां और 300 से अधिक टेस्टिमोनियल तैयार किए गए हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यह दरबार लगाया जा रहा है, ताकि प्रमाणपत्र मिलने में कोई विलंब न हो।
