अवैध फार्म हाउसों पर चला बुलडोजर
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बनाए गए फार्म हाउसों पर वन विभाग ने कार
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बनाए गए फार्म हाउसों पर वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को गांव दमदमा में दो फार्म हाउसों में बनाए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। जल्द ही रायसीना जोन में बनाए गए 15 नए फार्म हाउसों के ऊपर भी बुलडोजर चलेगा। इसके लिए तैयारी की जा रही है।
सुप्रीम कोर्ट के मुताबिक पूरा अरावली पहाड़ी क्षेत्र वन क्षेत्र है। वन क्षेत्र में गैर वानिकी कार्य पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी गुरुग्राम एवं फरीदाबाद के इलाके की हजारों एकड़ भूमि पर गैर वानिकी कार्य हो चुके हैं। इनमें सैकड़ों फार्म हाउस शामिल हैं। काफी मामले पर्यावरण अदालत में लंबित हैं। यही नहीं गैर वानिकी कार्य का सिलसिला लगातार जारी है। कुछ दिन पहले जिला वन अधिकारी दीपक नंदा ने अपनी आंखों से देखा कि रायसीना जोन में नए फार्म हाउस बनाए गए हैं। सभी को नोटिस भेजा जा चुका है। किसी भी दिन कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार वन क्षेत्र में केवल सरकार की ओर से कुछ आवश्यक विकास कार्य ही किए जा सकते हैं। उदाहरणस्वरूप सड़क निर्माण, गैस पाइप लाइन डालने आदि कार्य किए जा सकते हैं। इन कार्यों को करने के लिए भारत सरकार से मंजूरी आवश्यक है। जहां भी अवैध निर्माण हैं और मामला अदालत में नहीं है, उन निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा। किसी भी हाल में अरावली पहाड़ी क्षेत्र में गैर वानिकी कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यही नहीं जहां कहीं भी वन क्षेत्र में अवैध कब्जा है, उसे भी हटाया जाएगा। इसके लिए तैयारी चल रही है।
- दीपक नंदा, जिला वन अधिकारी, गुरुग्राम