बादशाहपुर विस क्षेत्र के लिए बनाए जाएंगे दो मतगणना केंद्र
प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी विधानसभा क्षेत्र के लिए दो मतगणना केंद्र बनाए जाएंगे। ऐसा निर्णय मतदाताओं की संख्या को देखते हुए लिया गया है।
आदित्य राज, गुरुग्राम
प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी विधानसभा क्षेत्र के लिए दो मतगणना केंद्र बनाए जाएंगे। ऐसा निर्णय मतदाताओं की संख्या को देखते हुए लिया गया है। दरअसल, गुरुग्राम जिले के अंतर्गत आने वाले बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या लगभग चार लाख है। इस वजह से मतगणना कार्य संपन्न होने में कई घंटे लग जाते हैं। दो केंद्र बनाए जाने पर मतगणना जल्द कराना संभव होगा।
मतगणना कार्य के लिए अधिक से अधिक 14 टेबल लगाए जा सकते हैं। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या काफी अधिक होने की वजह से 12 घंटे से अधिक का समय लग जाता है। इसे देखते हुए चुनाव आयोग से दो मतगणना केंद्र बनाने की अनुमति मांगी गई थी। अब अनुमति मिलते ही केंद्र बनाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दोनों केंद्र में 14-14 टेबल की व्यवस्था रहेगी। इस तरह 28 टेबल पर एक साथ मतगणना होगी। इससे उम्मीद है कि सात से आठ घंटे के दौरान मतगणना कार्य संपन्न हो जाएगा।
पांच साल में बढ़े 80 हजार मतदाता
जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सबसे तेजी से मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है। पांच साल के दौरान मतदाताओं की संख्या में लगभग 80 हजार की बढ़ोत्तरी हुई है। फिलहाल मतदाताओं की संख्या 3,96,281 है लेकिन बताया जाता है कि सूची में नाम दर्ज कराने के लिए काफी संख्या में आवेदन चुनाव कार्यालय में पड़े हुए हैं। चुनाव के बाद नाम दर्ज करने की कार्यवाही शुरू हो जाएगी। इससे उम्मीद है कि जल्द ही संख्या चार लाख को पार कर जाएगी। बताया जाता है कि अगले विधानसभा चुनाव से गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र के लिए भी दो केंद्र बनाए जाएंगे। इस क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 3,61,581 है। मतदाताओं की संख्या को देखते हुए इस बार मतदान केंद्र की संख्या में 50 की बढ़ोत्तरी की गई है। इनमें से अधिकतर नए मतदान केंद्र बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में ही बनाए गए हैं। बता दें कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए सेक्टर-14 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र को बीच से घेरकर दो केंद्र बनाने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मतगणना कराने के लिए अधिक से अधिक 14 टेबल ही लगा सकते हैं। इस वजह से बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना कराने में काफी समय लग जाता था। इसे देखते हुए दो केंद्र बनाने के बारे में निर्णय लिया गया। अनुमति मिलते ही आगे की कार्यवाही तेजी से शुरू कर दी गई है। प्रत्येक टेबल पर चार कर्मचारी की डयूटी रहती है। इसे देखते हुए जिम्मेदारी तय की जा रही है।
- संतलाल, चुनाव तहसीलदार, गुरुग्राम