विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में वाटिका धोखाधड़ी मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा के ठिकानों पर छापेमारी

Published: Thu, 17 Sep 2026 11:50 PM (IST)

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वाटिका लिमिटेड से जुड़े रियल एस्टेट धोखाधड़ी और धनशोधन मामले में हरियाणा के पूर्व मंत्री गोपाल ...और पढ़ें

ईडी ने गुरुग्राम में हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा से जुड़े तीन परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।

ईडी ने गुरुग्राम में हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा से जुड़े तीन परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया।

HighLights

  1. ईडी ने गोपाल कांडा के गुरुग्राम स्थित तीन परिसरों पर तलाशी ली।

  2. यह कार्रवाई वाटिका लिमिटेड के रियल एस्टेट धोखाधड़ी मामले से जुड़ी है।

  3. निवेशकों के 248 करोड़ रुपये के कथित डायवर्जन की जांच हो रही है।

संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। वाटिका लिमिटेड से जुड़े कथित रियल एस्टेट धोखाधड़ी और धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुग्राम में हरियाणा के पूर्व राज्य मंत्री गोपाल कांडा से जुड़े तीन परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। ईडी के अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 17 के तहत की गई। तलाशी गोपाल कांडा के आवास, फार्महाउस और कार्यालय परिसर में की गई।

ईडी की जांच वाटिका लिमिटेड के चार वाणिज्यिक प्रोजेक्ट से जुड़ी है। जांच के अनुसार निवेशकों को इन परियोजनाओं में निवेश के लिए समय पर कब्जा देने, सुनिश्चित रिटर्न, लीज रेंटल और बिक्री विलेख यानी सेल डीड के निष्पादन का भरोसा दिया गया था।

करीब 661 निवेशकों से लगभग 248.46 करोड़ रुपये जुटाए

ईडी के अनुसार इन चार परियोजनाओं में करीब 661 निवेशकों से लगभग 248.46 करोड़ रुपये जुटाए गए, लेकिन अब तक निवेशकों को न तो परियोजनाओं का कब्जा दिया गया और न ही वादे के मुताबिक सेल डीड का निष्पादन किया गया।
जांच के दौरान ईडी ने निवेशकों से प्राप्त रकम के वित्तीय लेन-देन और उसके कथित डायवर्जन की पड़ताल की।

अधिकारियों के अनुसार, जांच में ऐसी वित्तीय कड़ियां सामने आई हैं जिनमें निवेशकों से प्राप्त धन को कथित तौर पर गोपाल कांडा से जुड़ी विभिन्न कंपनियों तक स्थानांतरित किए जाने की आशंका है। इसी वित्तीय ट्रेल के आधार पर कांडा से जुड़े परिसरों पर तलाशी की कार्रवाई की गई।

दिल्ली-एनसीआर के सात आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों पर तलाशी

यह कार्रवाई वाटिका समूह के विरुद्ध ईडी की चल रही जांच की अगली कड़ी है। इससे पहले 25 अगस्त 2026 को ईडी के गुरुग्राम क्षेत्रीय कार्यालय ने वाटिका लिमिटेड और उसके प्रवर्तक-निदेशकों से जुड़े दिल्ली-एनसीआर के सात आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों पर पीएमएलए के तहत तलाशी ली थी। उस कार्रवाई में विभिन्न दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए थे। ईडी के अनुसार करीब 33 करोड़ रुपये मूल्य के तीन लग्जरी वाहन, आभूषण तथा बैंक खातों/प्रतिभूतियों को भी जब्त या फ्रीज किया गया था।

ईडी ने अक्टूबर 2024 की अपनी कार्रवाई में भी वाटिका लिमिटेड और अन्य के विरुद्ध जांच का विवरण जारी किया था। एजेंसी के अनुसार मामला निवेशकों को वादे के मुताबिक सुनिश्चित रिटर्न नहीं मिलने और वाणिज्यिक इकाइयों का कब्जा नहीं दिए जाने से संबंधित है। जांच में करीब 250 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय होने का अनुमान लगाया गया था और 200 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों की पहचान किए जाने की बात कही गई थी।

विस्तृत जानकारी एजेंसी की ओर से सामने आना बाकी

मामले में ईडी की जांच जारी है। कांडा से जुड़े परिसरों पर मौजूदा तलाशी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिली है, इसकी विस्तृत जानकारी एजेंसी की ओर से सामने आना बाकी है। जांच में सामने आए आरोप अभी जांच का विषय हैं और इन पर अंतिम निष्कर्ष संबंधित कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगा।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई, सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में अवैध संपत्तियां सील; कई पर चला बुलडोजर