गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई, सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में अवैध संपत्तियां सील; कई पर चला बुलडोजर
नया गुरुग्राम के सुशांत लोक-एक और साउथ सिटी-एक में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने अवैध निर्माण और रिहायशी भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ तीसरा अभियान चलाया।
HighLights
नया गुरुग्राम में अवैध निर्माणों पर टाउन प्लानिंग विभाग का तीसरा अभियान चला।
सुशांत लोक-एक और साउथ सिटी-एक में 17 से अधिक संपत्तियां सील व ध्वस्त की गईं।
रिहायशी भवनों में व्यावसायिक गतिविधियों और अवैध निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई जारी।
संवाद सहयोगी, नया गुरुग्राम। नया गुरुग्राम में सुशांत लोक-एक और साउथ सिटी-एक में अवैध निर्माण और रिहायशी भवनों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध बुधवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने तीसरा अभियान चलाया।
जिला नगर योजनाकार इंफोर्समेंट (डीटीपीई) अमित मधोलिया के नेतृत्व में विभाग की तीन टीमों ने एक साथ अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 17 से अधिक संपत्तियों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की। इससे पहले चलाए गए दो अभियानों में दोनों कॉलोनियों की करीब 27 संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
पहली टीम ने डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व में सुशांत लोक-एक के बी ब्लाक में कार्रवाई की। टीम के साथ जूनियर इंजीनियर रविंद्र मौजूद रहे। यहां मकान नंबर बी-703, बी-711, बी-710, बी-708, बी-583ए और बी-583 के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बी-703 में क्योमी सर्विस अपार्टमेंट के नाम से गेस्ट हाउस चल रहा था।
रसोई को ध्वस्त किया
स्टिल्ट में बने स्वागत कक्ष, पुरुष-महिला शौचालय, भोजन कक्ष और रसोई को ध्वस्त कर 28 कमरों सहित पूरी इमारत सील कर दी गई। बी-711 में अतिरिक्त चौथी मंजिल के साथ तहखाने में टाइल की दुकान, भूतल और पहली मंजिल पर स्वास्थ्य केंद्र, दूसरी-तीसरी मंजिल पर जिम एवं योग केंद्र और चौथी मंजिल पर फर्नीचर व घर की सजावट का सामान बेचने की गतिविधि मिलने पर भवन सील किया गया।
बी-710 में तहखाने में खेल एवं मनोरंजन केंद्र, स्टिल्ट में सामान रखने का गोदाम और ऊपरी मंजिलों पर कार्यालय संचालित मिला, जिसे पूरी तरह सील किया गया।
कार्यालय सील किया गया
इसी ब्लाक में बी-708 में फ्लोरिन स्टायज नाम से होटल एवं गेस्ट हाउस के 12 कमरे सील किए गए। बी-583ए में लाइम ट्री अतिथि गृह को अनुमति होने के बावजूद बेसमेंट का कार्यालय सील किया गया, पीछे खुले हिस्से में ‘काफी विद लव’ दुकान का अनधिकृत निर्माण ध्वस्त किया गया और सामने बने घरेलू सहायक कक्ष, रसोई और बगल के अनधिकृत प्रवेश द्वार के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बी-583 में एलिस्टे गेस्ट हाउस के बेसमेंट स्थित समारोह कक्ष को सील करने के साथ पूरी इमारत सील की गई।
दूसरी टीम ने सहायक नगर योजनाकार दिव्या दहिया के नेतृत्व में साउथ सिटी-1 के बी ब्लाक में कार्रवाई की। टीम के साथ राजन झा मौजूद रहे। यहां मकान नंबर बी-115, बी-98ए, बी-88, बी-89, बी-73ए और बी-73 के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बी-115, बी-89, बी-73ए और बी-73 में स्टिल्ट पर किए गए अनधिकृत निर्माण और घरेलू सहायक कक्षों को ध्वस्त किया गया।
शौचालय को ध्वस्त किया
बी-98ए में स्टिल्ट का अनधिकृत निर्माण हटाने के साथ पहली से तीसरी मंजिल तक चल रहे पीजी के 23 कमरे सील किए गए। बी-88 के पीछे खुले हिस्से में बनाए गए अनधिकृत शौचालय को ध्वस्त किया गया।
तीसरी टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं सहायक नगर योजनाकार नवीन कुमार के नेतृत्व में सुशांत लोक-1 के ए ब्लाक में कार्रवाई की। टीम में प्लानिंग असिस्टेंट ओम प्रकाश तथा कनिष्ठ अभियंता आकाश राव और आनंद शामिल रहे।
ए-408ए, ए-654, ए-300ए, ए-307ए और ए-332ए के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस और कार्यालय को सील किया गया, जबकि स्टिल्ट में बनाए गए श्रमिक कक्ष को ध्वस्त तथा अन्य कमरों और श्रमिक कक्षों को सील किया गया।
सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के आदेश अनुसार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में स्वीकृत भवन योजना और निर्धारित उपयोग का उल्लंघन करने वाले निर्माण तथा व्यावसायिक गतिविधियों के विरुद्ध इंफोर्समेंट कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। - अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग
