गुरुग्राम में तेज रफ्तार स्कोडा का कहर, द्वारका एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी गाड़ी
द्वारका एक्सप्रेसवे पर धनवापुर गोलचक्कर के पास एक तेज रफ्तार स्कोडा ऑक्टाविया कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और ग्रीन बेल्ट में पलट गई।

द्वारका एक्सप्रेसवे पर पलटी कार। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
तेज रफ्तार स्कोडा ऑक्टाविया द्वारका एक्सप्रेसवे पर टकराई
कार डिवाइडर से टकराकर ग्रीन बेल्ट में पलटी, क्षतिग्रस्त
चालक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल के आईसीयू में भर्ती
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर धनवापुर गोलचक्कर के पास रविवार रात तेज रफ्तार स्कोडा ऑक्टाविया कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर के बाद कार लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए ग्रीन बेल्ट में पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराई कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार गुरुग्राम से दिल्ली की ओर बेहद तेज रफ्तार में जा रही थी। जैसे ही कार धनवापुर गोलचक्कर के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया।
रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह संभाल नहीं पाया और गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर लगते ही कार हवा में उछली और घिसटते हुए ग्रिल तोड़कर पलट गई।
गंभीर घायल युवक आइसीयू में भर्ती
राहगीरों ने चालक को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायल को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों की देखरेख में आइसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि क्या ड्राइवर नशे की हालत में था या किसी तकनीकी खराबी की वजह से हादसा हुआ। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर पहचान करने की कोशिश कर रही है।
