विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ड्रग कंट्रोलर विभाग की खुली पोल, दवा के नाम में ही कर दी बड़ी गलती; कोलकाता सेंट्रल लैब ने उठाए सवाल

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:29 PM (IST)

सरकारी लैब में आवश्यक सुविधाओं की कमी और कोलकाता लैब द्वारा दस्तावेजों में तकनीकी खामियां उजागर होने से दवाओं के तीन नमूनों की जांच अधूरी रह गई है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

एआई जनरेटेड तस्वीर।

HighLights

  1. सरकारी लैब में जांच सुविधाओं की कमी पाई गई।

  2. कोलकाता लैब ने दस्तावेजों में तकनीकी खामियां बताईं।

  3. अदालत ने राज्य ड्रग कंट्रोलर से जवाब तलब किया।

महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुगाम)। दवाओं के तीन नमूनों की जांच कराने के मामले में ड्रग कंट्रोलर विभाग की तैयारियों की पोल खुल गई है। पहले सरकारी लैब में आवश्यक जांच सुविधा नहीं होने के कारण नमूनों की जांच अधूरी रह गई और अब कोलकाता स्थित सेंट्रल ड्रग लैब ने भी विभाग की ओर से भेजे गए दस्तावेजों में तकनीकी खामियां उजागर की हैं।

लैब ने नमूनों की जांच के लिए जरूरी सामग्री और दस्तावेज उपलब्ध कराने के साथ ही दवा के नाम को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगा है। मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रजत वर्मा की अदालत ने राज्य ड्रग कंट्रोलर-कम-लाइसेंसिंग अथारिटी, पंचकूला से जवाब तलब किया है।

दरअसल, नौ अक्टूबर को अदालत ने सरकारी लैब में हाई परफार्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी (एचपीएलसी) सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण तीन दवाओं के नमूने जांच के लिए कोलकाता स्थित सेंट्रल ड्रग लैब भेजने के आदेश दिए थे। सरकारी लैब आवश्यक तकनीकी सुविधा के अभाव में निर्धारित मानकों के अनुरूप जांच नहीं कर पाई थी, जिसके चलते उसकी रिपोर्ट अधूरी रह गई थी।

कोलकाता लैब में नमूने पहुंचने के बाद वहां से आई रिपोर्ट में एक और तकनीकी अड़चन सामने आ गई। लैब ने बताया कि नमूनों में मौजूद टोफासिटिनिब साइट्रेट की जांच के लिए जरूरी रेफरेंस स्टैंडर्ड/वर्किंग स्टैंडर्ड उपलब्ध नहीं है। इसके लिए विभाग को संबंधित सर्टिफिकेट ऑफ एनालिसिस (सीओए) सहित आवश्यक सामग्री मुहैया कराने को कहा गया है।

दवा के नाम में भी मिली तकनीकी गड़बड़ी

लैब ने अदालत को भेजे गए फार्म-1 में भी खामी बताई है। इसमें दवा का नाम टोफीसिटिनिब लिखा गया था, जबकि लैब के अनुसार मान्यता प्राप्त दवा अणु का नाम टोफासिटिनिब है। इस अंतर के चलते लैब ने अदालत से स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर किस दवा का परीक्षण किया जाना है।

इस प्रकार, सरकारी लैब में जांच सुविधा का अभाव और दूसरी लैब को भेजे गए दस्तावेजों में तकनीकी गलतियों के कारण तीनों नमूनों की जांच की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

अदालत ने इस स्थिति पर संज्ञान लेते हुए राज्य ड्रग कंट्रोलर-कम-लाइसेंसिंग अथारिटी, पंचकूला को स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब विभाग के जवाब के बाद ही नमूनों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।