विविध गतिविधियां: लिपिकों ने मांगों को लेकर भूख हड़ताल की
हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (हेमसा) ने अपनी मांगों को लेकर 23 जून से 31 जुलाई तक जिला मुख्यालयों पर एक दिन की भूख हड़ताल शुरू की है।
जासं, गुरुग्राम: हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन (हेमसा) ने अपनी मांगों को लेकर 23 जून से 31 जुलाई तक जिला मुख्यालयों पर एक दिन की भूख हड़ताल शुरू की है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला लघु सचिवालय के सामने जिला प्रधान उदय भान यादव की अध्यक्षता में जिला शिक्षा विभाग के लिपिकों ने भूख हड़ताल की। जिला सचिव राजेंद्र कुमार, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा गुरुग्राम के पूर्व जिला प्रधान कवर लाल यादव, अध्यापक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव, नरेश कुमार ने कहा कि सरकार अगस्त 2014 के मंत्रिमंडल के फैसले को लागू न करके कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। मंत्रिमंडल के निर्णय अनुसार लिपिक का वेतन पे मैट्रिक्स लेवल-छह में 35400 होना चाहिए था जो अभी तक लागू नहीं हुआ। संगठन की अन्य मांगे आनलाइन ट्रांसफर में दूरदराज स्थानांतरण हुए कर्मचारियों का समायोजन, वरिष्ठता सूची अपडेट करना, पदोन्नति करना, वर्क लोड अनुसार पद देना है। इस मौके पर अरविद चौहान, दिनेश कुमार, परविदर देशवाल, शैलेंद्र कुमार, सरजू कुमार, सुनील यादव, मनीषा, भंवरकोर, मोनिका दलाल, सतबीर मौजूद रहे। सत्यम उपाध्याय को मिलेगा अटल सम्मान-2022
जासं, गुरुग्राम: आर्यन फिल्म प्रोडक्शन द्वारा मुंबई में होने वाले अटल सम्मान-2022 में गायक सत्यम उपाध्याय को सम्मानित किया जाएगा। बालीवुड इंडस्ट्री में अपने सुर का लोहा मनवाने वाले सत्यम जल्द ही मुंबई में म्यूजिक डायरेक्टर दिलीप सेन और बालीवुड राइटर लता हया के साथ मिलकर काफी एलबम में कार्य करेंगे। मुंबई में 27 जून को सत्यम के कार्य को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जाएगा। आर्यन फिल्म प्रोडक्शन के आगामी कार्यक्रम शून्य से शिखर तक के लिए टाइटल सांग गाने के लिए सत्यम को मौका मिला है। आर्यन मिश्रा ने बताया कि सत्यम को इससे पहले भी उनकी गायकी के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका है।