पूर्व सीएम रमन सिंह को अस्पताल से मिली छुंट्टी
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन सिंह को मेदांता अस्पताल से बुधवार की दोपहर करीब एक बजे डिस्चार्ज कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन सिंह को मेदांता अस्पताल से बुधवार दोपहर करीब एक बजे डिस्चार्ज कर दिया गया। पिछले दो दिनों से रमन सिंह दिल्ली में थे। उन्हें सीने व पेट में दर्द के चलते बेचैनी हो रही थी। तबियत बिगड़ती देख परिवार के लोगों ने उन्हें मंगलवार रात करीब 11 बजे मेदांता अस्पताल में दाखिल कराया था। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें भर्ती करने की सलाह दी। रमन सिंह को गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. राजेश पुरी की देख-रेख में रखा गया था। उन्हें कब्ज की भी शिकायत थी। दवा देने से राहत मिल गई। परेशानी की वजह जानने के लिए कोलोनोस्कोपी की गई। यह टेस्ट आंत में परेशानी होने पर आंतरिक स्थिति जानने के लिए किया जाता है।