विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर से बिलासपुर तक रोजाना लग रहा भीषण जाम, हजारों यात्री परेशान

Published: Mon, 02 Feb 2026 10:31 PM (IST)

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर से बिलासपुर तक रोजाना भीषण जाम लगता है, जिससे हजारों यात्री परेशान हैं। अवैध पार्किंग, निजी ...और पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर से बिलासपुर तक रोजाना लंबा जाम।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर से बिलासपुर तक रोजाना लंबा जाम।

जागरण संवाददाता, मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर से बिलासपुर तक रोजाना लंबा जाम लगा रहता है। इससे रोजाना हजारों लोग परेशान हो रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। हाईवे पर अवैध पार्किंग और निजी बसों के चालकों द्वारा हाईवे पर ही सवारियों को उतारना भी जाम का कारण बन रहा है।

दिल्ली जयपुर हाईवे पर रोजाना शाम के समय मानेसर, बिनोला, बिलासपुर चौक और राठीवास चौक पर लंबा जाम लग जाता है। यहां फ्लाईओवर का निर्माण कार्य निर्माणाधीन है। इसके कारण भी वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। मानेसर में पैदल सड़क पार करने वालों और सड़कों किनारे खड़े वाहन जाम का कारण बनते हैं। सोमवार सुबह दस बजे के आसपास और शुक्रवार शाम पांच बजे के आसपास तो पूरा हाईवे ही जाम हो जाता है।

इन दिनों में वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। कहीं भी गाड़ी खराब होने के कारण भी काफी लंबा जाम लग रहा है। जाम बचने के लिए वाहन चालक सर्विस लेन पर या गलत दिशा में वाहनों को ले जाते हैं। इससे वाहन आपस में फंस जाते हैं। यह भी रोजाना जाम का बड़ा कारण बन रहा है।

नहीं बनाए गए वैकल्पिक रास्ते

गुरुग्राम से जयपुर जाने तक जिले की सीमा में चार से पांच जगह जाम लग रहा है। इसका कारण यहां बनाए जा रहे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य है। अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक रास्ते नहीं बनाए गए हैं। अगर गुरुग्राम पटौदी रेवाड़ी रोड को चालू कर दिया जाता है तो यह जाम पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इस रोड पर भी कई जगह जाम लग रहा है। इसका कारण यहां निर्माण कार्य अधर में छोड़ना है।

इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से निकलने वाली सड़कों की हालत भी खस्ताहाल है। ऐसे में यहां से निकलना भी मुश्किल है। स्थानीय लोगों को भी रोजाना जाम का सामना करना पड़ रहा है। इसके संबंध में मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव का कहना है कि रोड सेफ्टी समिति की बैठक में इस मामले पर चर्चा की जाएगी और लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा।

क्या करें उपाय

- गुरुग्राम पटौदी रेवाड़ी रोड को जल्द चालू किया जाए। इससे वाहन डाइवर्ट हो सकेंगे।
- ग्रामीण इलाकों की सड़कों को दुरुस्त किया जाए।
- हाईवे किनारे खराब होने वाले वाहनों को जल्द हटाया जाए।
- सड़कों किनारे लगने वाली रेहड़ियों को हटाया जाए।
- लगातार गश्त की जाए ताकि जाम न लगे।