घरों से सूखा व गीला कूड़ा उठाएंगे एजेंसी के सफाई कर्मी
शहर कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान करने के लिए पहल शुरू हो गई है। कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पालिका ने मशीनें मंगवा ली हैं।
संवाद सहयोगी, पटौदी: शहर कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान करने के लिए पहल शुरू हो गई है। कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पालिका ने मशीनें मंगवा ली हैं। साथ ही अब घर-घर से गीला व सूखा कूड़ा उठाने का कार्य प्रतिक्षा सिक्योरिटी को सौंप दी गई। बृहस्पतिवार को विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने कूड़ा एकत्र करने वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
मालूम हो कि पटौदी नगर में मोती डूंगरी के पास कूड़े के ढेर लगे रहते थे। बदबू से लोग परेशान हैं। नगर पालिकाध्यक्ष चंद्रभान सहगल ने बताया कि अब कूड़ा निस्तारण का ठेका छोड़ दिया है व गीले कूड़े से खाद बनाई जाएगी। नगर पालिका द्वारा घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा है परंतु गीला व सूखा कूड़ा एकत्र कर ट्राली डाल दिया जाता था। परंतु अब यह कार्य प्रतीक्षा सिक्योरिटी सर्विस को दिया गया है जो पहले ट्रायल बेस पर एक माह के लिए निशुल्क कार्य करेगी। कार्य उसका संतोषजनक रहा तो भविष्य में भी उसे ठेका दे दिया जाएगा। बाद में यह कंपनी प्रति घर से इसका पचास रुपये शुल्क वसूल करेगी। कंपनी के कर्मचारी गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग डालेंगे। पटौदी में प्रारंभ में छह वार्डों में यह योजना शुरू की जाएगी व अगले माह वार्ड में सुविधा होगी। विधायक का जन्मदिन मनाया
इधर इससे पूर्व नगरपालिका पटौदी के कार्यालय में लोगों ने विधायक सत्य प्रकाश जरावता का जन्मदिन मनाया गया। विधायक सत्य प्रकाश जरावता ने केक काटा व उपस्थित लोगों ने उन्हें मुबारकवाद दी। इस अवसर पर नगरपालिकाध्यक्ष चंद्रभान सहगल, उपाध्यक्ष जर्मन सैनी, पूर्व उपाध्यक्ष राधे श्याम मक्कड़, पार्षद अशोक शर्मा, महेंद्र पार्षद, नगरपालिका सचिव राजेश मेहता, एमई नरेंद्र तनेजा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।